NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 लाख से ज्यादा छात्रों का इंतजार कुछ ही घंटे में खत्म होने जा रहा है. पेपर लीक के बाद अब 21 जून को एग्जाम हो रहा है और छात्र पूरी तैयारी के साथ एग्जाम सेंटर के लिए निकल रहे हैं. इसी बीच कई छात्रों के मन में इस बात को लेकर कंफ्यूजन रहता है कि एग्जाम शुरू होने के बाद सबसे पहले क्या करें और एग्जाम डे की स्ट्रैटेजी कैसी होनी चाहिए. इसके लिए हमने नीट के ऑल इंडिया टॉपर तन्मय गुप्ता से बातचीत की, जिसमें उन्होंने नीट के छात्रों को टिप्स देते हुए बताया कि एग्जाम के दौरान टाइम कैसे मैनेज कर सकते हैं.
नेगेटिव चीजों को रखें दूर
तन्मय गुप्ता ने 2021 में ऑल इंडिया 1 रैंक हासिल की थी. अपने पहले ही अटेंप्ट में तन्मय ने मेडिकल के इस एंट्रेंस एग्जाम में टॉप किया और आज दिल्ली एम्स में MBBS इंटर्न हैं. तन्मय ने एनडीटीवी के साथ बातचीत में बताया कि छात्रों को पूरा फोकस एग्जाम पर करना चाहिए, इस दौरान कुछ भी नेगेटिव नहीं सोचना है. आप जितना पॉजिटिव और फोकस्ड रहेंगे, एग्जाम उतना ही अच्छा जाएगा.
सबसे पहले कौन से सवालों को चुनें?
NEET टॉपर तन्मय ने एग्जाम डे के दिन का पूरा टाइम मैनेजमेंट भी समझाया. उन्होंने बताया कि फिजिक्स और केमिस्ट्री के लिए टाइम बचाना जरूरी है. बायोलॉजी पर ज्यादा टाइम बर्बाद करने की जरूरत नहीं है, छात्रों को सबसे पहले इसे ही निपटाना चाहिए. तन्मय ने बताया कि उन्होंने बायोलॉजी के लिए करीब 50 मिनट, केमिस्ट्री को करीब 35 मिनट और फिजिक्स को 1 घंटा 20 मिनट देने की स्ट्रैटजी बनाई थी.
तन्मय ने छात्रों को टिप्स देते हुए बताया कि एग्जाम हॉल में माहौल थोड़ा अलग होता है. आमतौर पर छात्रों को एसी रूम या क्लासरूम में पढ़ने की आदत होती है. ऐसे में एग्जाम सेंटर की गर्मी और माहौल उन्हें परेशान कर सकता है, हालांकि शुरुआती कुछ मिनटों में ही अपनी बॉडी को एडजस्ट कर लें और फिर पूरी तरह से सिर्फ सवालों पर फोकस रखें, खुद को किसी भी हाल में डिस्ट्रैक्ट नहीं होने दें.
ये भी पढ़ें - NEET परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड के साथ छात्रों को क्या-क्या रखना होगा? देखें पूरी चेकलिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं