NEET 2026 : देश का सबसे बड़ा मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम NEET UG इन दिनों लगातार चर्चा में बना हुआ है. पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों के बाद इस मामले ने देश में तूल पकड़ ली है. जो लोग इसके बारे में नहीं जानते थे, वे भी अब इससे वाकिफ हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि NEET परीक्षा की शुरुआत कब हुई थी और NTA से पहले इस परीक्षा को कौन कराता था. आज जिस NEET परीक्षा के जरिए देशभर में MBBS और दूसरे मेडिकल कोर्सों में एडमिशन मिलता है, उसका फॉर्मेट पहले बिल्कुल अलग था. आइए जानते हैं मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम से जुड़े 10 बड़े सवालों के आसान जवाब -
1. NTA से पहले NEET परीक्षा का नाम क्या था?
नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) से पहले मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम को ऑल इंडिया प्री-मेडिकल टेस्ट (AIPMT) के नाम से जाना जाता था. इसे सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) कंडक्ट कराता था.
2. क्या पहले हर मेडिकल कॉलेज की अलग परीक्षा होती थी?
हां, AIPMT के अलावा AIIMS, JIPMER, CMC वेल्लोर और कई स्टेट लेवल मेडिकल कॉलेज अपने अलग-अलग एंट्रेंस एग्जाम्स कंडक्ट करते थे. इसके चलते छात्रों को कई एग्जाम देने पड़ते थे.
3. AIPMT/NEET का परीक्षा पैटर्न कैसा था?
यह परीक्षा ऑफलाइन यानी पेन-पेपर मोड में होती थी. इसमें 3 घंटे का समय दिया जाता था और सभी सवाल MCQ होते थे.
4. क्या पहले NEET में उम्र सीमा तय थी?
AIPMT में सामान्य वर्ग के लिए ज्यादा से ज्यादा उम्र 25 साल और आरक्षित वर्ग के लिए 30 साल थी. हालांकि बाद में यह नियम बदल दिया गया और अब NEET UG में अधिकतम उम्र सीमा नहीं है.
5. NEET परीक्षा की शुरुआत कब हुई थी?
NEET परीक्षा की घोषणा पहली बार 2013 में मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (MCI) ने की थी. लेकिन कई राज्यों और संस्थानों के विरोध के कारण इसे कुछ समय के लिए रोक दिया गया. लेकिन आखिरकार 2016 में पहली बार NEET परीक्षा हुई.
6. AIPMT से NEET में बदलाव क्यों किया गया?
मेडिकल एडमिशन प्रोसेस में यूनिफॉर्मिटी और पारदर्शिता लाने के लिए AIPMT को NEET में बदला गया. इसका मकसद छात्रों को कई अलग-अलग परीक्षाओं के तनाव से बचाना भी था.
7. NEET UG परीक्षा कौन दे सकता है?
जो छात्र 12वीं क्लास फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी/बायोटेक्नोलॉजी सब्जेक्ट्स के साथ पास करते हैं, वे NEET UG एग्जाम दे सकते हैं.
8. NEET परीक्षा देने के लिए कम से कम उम्र कितनी होनी चाहिए?
NEET UG परीक्षा देने के लिए उम्मीदवार की कम से कम उम्र 17 साल होनी जरूरी है.
9. NEET पास करने के बाद किन कोर्सों में एडमिशन मिलता है?
NEET UG के जरिए MBBS के अलावा BAMS, BUMS, BSMS और BHMS जैसे मेडिकल और आयुष कोर्सों में भी एडमिशन लिया जा सकता है.
10. कितनी भाषाओं में होती है परीक्षा?
NEET परीक्षा शुरुआत में कुछ चुनिंदा भाषाओं में उपलब्ध थी. 2016 में यह तमिल, तेलुगु, मराठी, बंगाली, असमिया और गुजराती भाषाओं में हुई थी. इसके बाद लिस्ट में कन्नड़ और उड़िया को भी जोड़ा गया. फिलहाल NEET UG परीक्षा 13 भाषाओं में कराई जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं