विज्ञापन

डॉक्टर बनने का सपना नहीं रहेगा अधूरा, 75000 नई मेडिकल सीटों का हुआ ऐलान

New Medical Seats: जेपी नड्डा ने बताया कि 2029 तक 75 हजार नई मेडिकल सीटों का टारगेट पूरा हो जाएगा. इसके अलावा उन्होंने मेडिकल सीटों को लेकर पिछले आंकड़े भी दिए.

डॉक्टर बनने का सपना नहीं रहेगा अधूरा, 75000 नई मेडिकल सीटों का हुआ ऐलान
MBBS की हजारों सीटें बढ़ाए जाने का ऐलान

डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. केंद्र सरकार अगले कुछ सालों में देशभर में मेडिकल की 75 हजार सीटें बढ़ाने जा रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इसका ऐलान किया. उन्होंने बताया कि सरकार 2029 तक देश में 75,000 अतिरिक्त मेडिकल सीटें जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. स्वास्थ्य मंत्री दिल्ली में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (VMMC) और सफदरजंग अस्पताल के आठवें दीक्षांत समारोह में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेजों और सीटों को लेकर बातचीत की. 

पिछले कुछ सालों में बढ़ीं इतनी सीटें

जेपी नड्डा ने बताया कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 863 हो गई है, जबकि 20वीं सदी के अंत में केवल एक एम्स (AIIMS) था, जो अब बढ़कर 23 हो गए हैं. अंडरग्रेजुएट (UG) मेडिकल सीटें करीब 51,000 से बढ़कर 1.43 लाख हो गई हैं, वहीं पोस्टग्रेजुएट (PG) सीटें लगभग 31,000 से बढ़कर 91,000 तक पहुंच गई हैं.

स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेडिकल शिक्षा क्षमता बढ़ाने की घोषणा का जिक्र करते हुए 75,000 अतिरिक्त मेडिकल सीटें तैयार करने के सरकार के संकल्प को दोहराया. उन्होंने बताया कि ये टारगेट 2029 तक पूरा हो जाएगा.इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि मेडिकल शिक्षा के विस्तार के साथ-साथ इसकी क्वालिटी से कोई समझौता नहीं होना चाहिए.

पिछले साल मिली थी मंजूरी

नड्डा ने बताया कि केंद्रीय कैबिनेट ने दिसंबर 2025 में हर अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सीट के लिए 1.5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता को मंजूरी दी थी, जिसमें 10,000 अतिरिक्त मेडिकल सीटें बनाने के लिए कुल 15,000 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है. फिलहाल सीटें बढ़ाए जाने को लेकर लगातार काम हो रहा है. 

मेडिकल एजुकेशन को लेकर नड्डा ने कहा कि, जहां शिक्षा एक मौलिक अधिकार है, वहीं मेडिकल पेशे में आने का मौका एक विशेषाधिकार है, जो समाज के प्रति एक गहरी जिम्मेदारी भी लाता है. नड्डा ने नए डॉक्टरों को संबोधित करते हुए कहा कि वो पूरी निष्ठा, करुणा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं और अपने ज्ञान व कौशल का इस्तेमाल मानवता की सेवा में करें.

यह भी पढ़ें | ऑटो-रिक्शा चलाने वाले की बेटी ने ऑटोमोबाइल कोर्स में कर दिया टॉप; अब पीएम मोदी देंगे इनाम

यह भी पढ़ें | विदेश से MBBS कर लौटे छात्रों की मौज, अब इंटर्नशिप में भारतीय डॉक्टरों के बराबर मिलेगा स्टाइपेंड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mbbs Seats Increase, MBBS Seats In India, JP Nadda, Medical Seats
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com