ऑटोमोबाइल कोर्स करते हुए आपने ज्यादातर लड़के ही देखे होंगे, लेकिन एक लड़की ने इस पूरे ट्रेंड को बदलकर रख दिया है. ओडिशा में ऑटो रिक्शा चलाने वाले की बेटी ने ऑटोमोबाइल कोर्स में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है. सुप्रीति महापात्रा की इस उपलब्धि के बाद उन्हें तमाम बड़े सम्मान मिल रहे हैं और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें इनाम देंगे. सुप्रीति ने ऑटोमोबाइल ट्रेड में दो साल का कोर्स पूरा किया और 1200 में से 1194 नंबर हासिल कर टॉप कर दिया. वो ओडिशा से आने वाली पहली लड़की हैं, जिसने पहली बार टॉप पोजिशन हासिल की है.
लखनऊ में मिलेगा सम्मान
सुप्रीति महापात्रा ने पुरी के गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (ITI) से पढ़ाई की, उनके टॉप करने के बाद परिवार ने मिठाइयां बांटकर कामयाबी का जश्न मनाया. सुप्रीति एक बेहद साधारण परिवार से आती हैं और उनके पिता चक्रपाणि महापात्रा ऑटो-रिक्शा चलाने का काम करते हैं. अब सुप्रीति को 22 नवंबर को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान खुद पीएम मोदी सम्मानित करेंगे.
सुप्रीति ने इस कामयाबी के पीछे अपने माता-पिता के साथ टीचर्स का भी आभार जताया. उन्होंने बताया कि उनका सपना टीचर बनने का है, जिससे वो तकनीकी क्षेत्र में और ज्यादा छात्रों को आगे बढ़ने में मदद कर सकें. अपना करियर बनाकर सुप्रीति परिवार का सहारा बनना चाहती हैं. उनके भाई ने भी आईटीआई किया है और फिलहाल नौकरी कर रहा है.
संस्कृत में गोल्ड मेडलिस्ट
सुप्रीति महापात्रा ने पहली बार टॉप नहीं किया है. इससे पहले उन्होंने आचार्य में पोस्ट ग्रेजुएशन किया था और इसमें वो गोल्ड मेडलिस्ट रहीं. इसके बाद उन्हें राष्ट्रपति की तरफ से भी सम्मान मिला था. अब एक बार फिर उनका नाम चर्चा में है. ओडिशा में भी उन्हें सम्मानित किया जा रहा है. लोग उनकी तारीफ इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने एक ऐसी ट्रेड में ये मुकाम हासिल किया है, जिसमें महिलाएं जाने से हिचकती हैं.
यह भी पढ़ें | विदेश से MBBS कर लौटे छात्रों की मौज, अब इंटर्नशिप में भारतीय डॉक्टरों के बराबर मिलेगा स्टाइपेंड
यह भी पढ़ें | शांतिनिकेतन से ऑक्सफोर्ड तक, इंदिरा गांधी ने कहां से की थी पढ़ाई?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं