विज्ञापन

सऊदी के मक्का में जन्म से लेकर भारत के पहले शिक्षा मंत्री बनने तक, कौन थे मौलाना अबुल कलाम आजाद?

National Education Day 2026: मौलाना अबुल कलाम आज़ाद ने शिक्षा के क्षेत्र में भारत को काफी कुछ दिया. उनके शिक्षा मंत्री रहते हुए देश को पहला आईआईटी मिला.

सऊदी के मक्का में जन्म से लेकर भारत के पहले शिक्षा मंत्री बनने तक, कौन थे मौलाना अबुल कलाम आजाद?
भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद

हर साल की तरह इस साल भी 11 नवंबर के दिन राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया जा रहा है. देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती के मौके पर ये दिन मनाया जाता है. भारत की आजादी के बाद शिक्षा व्यवस्था की नींव रखने के लिए मौलाना अबुल कलाम को जाना जाता है, उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अहम भूमिका निभाई और आज उन्हें पूरा देश याद कर रहा है. मौलाना अबुल कलाम आज़ाद का जन्म भारत में नहीं बल्कि सऊदी अरब के मक्का शहर में हुआ था. आज हम जानेंगे कि कैसे वो मक्का से भारत पहुंचे और फिर राजनीति में आए. 

मक्का में था पूरा परिवार

मौलाना अबुल कलाम आज़ाद का पूरा परिवार मक्का शहर में था. उनका जन्म 11 नवंबर 1888 को सऊदी अरब के मक्का शहर में एक भारतीय परिवार में हुआ. उनका परिवार 1857 की क्रांति के बाद मक्का चला गया था. हालांकि 1998 में वो परिवार के साथ भारत के कलकत्ता लौट आए. अबुल कलाम आज़ाद को बचपन से ही पढ़ाई का काफी शौक था और उनके पिता मौलाना खैरुद्दीन इसमें उनकी मदद करते थे. वो खुद अरबी भाषा के बड़े जानकार थे. 

महज 12 साल की उम्र में अबुल कलाम आज़ाद ने आधिकारिक तौर पर लिखना शुरू कर दिया था. तब वो बच्चों के लिए छपने वाली पत्रिकाओं में लिखा करते थे. इसके बाद 1912 में उन्होंने अल-हिलाल नाम की एक पत्रिका निकाली. इसमें क्रांतिकारी लेखन था, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. इतनी कम उम्र में ब्रिटिश सरकार के खिलाफ लिखना उस दौर में आसान नहीं था. कुछ ही वक्त बाद अंग्रेजी हुकूमत ने पत्रिका पर बैन लगा दिया और जुर्माना भी लगाया. 

हिंदू-मुस्लिम एकता पर जोर

मौलाना अबुल कलाम आज़ाद ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई में सबसे बड़ा हथियार हिंदू और मुस्लिमों की एकता को बताया था. उनका कहना था कि भले ही आजादी देरी से मिले, लेकिन इसकी कीमत हिंदू-मुस्लिम एकता में फूट नहीं होनी चाहिए. उनके तमाम भाषणों में इस बात का जिक्र जरूर होता था. अबुल कलाम आज़ाद बंटवारे के भी सख्त खिलाफ थे. 

1923 में बने कांग्रेस अध्यक्ष

मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की सोच और उनके भाषणों की गहराई को देखते हुए उन्हें 1923 में पहली बार कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया. वो सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने. इसके बाद 1940 में फिर से उन्हें इस पद के लिए चुना गया. इसके बाद उन्हें मोहम्मद अली जिन्ना को समझाने की जिम्मेदारी सौंपी गई कि वो अलग देश की मांग न करें. हालांकि जिन्ना आज़ाद को बिल्कुल पसंद नहीं करते थे और उनकी हिंदू-मुस्लिम एकता वाली विचारधारा से नफरत करते थे. 

1946 में अंतरिम सरकार के गठन के दौरान मौलाना अबुल कलाम आज़ाद को मंत्रिमंडल में शामिल करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया. हालांकि महात्मा गांधी और नेहरू के कई बार कहने के बाद उन्होंने मंत्री का पद स्वीकार किया और देश के पहले शिक्षा मंत्री बने. उन्होंने 1958 तक देश के शिक्षा मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं. 

देश को दिया पहला IIT

आज़ाद का मानना था कि एक मजबूत और प्रगतिशील राष्ट्र के निर्माण के लिए शिक्षा सबसे जरूरी है. उनकी सोच केवल स्कूलों और बुनियादी साक्षरता तक सीमित नहीं थी, बल्कि वो उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी शिक्षा और भारतीय कला व संस्कृति को बढ़ावा देने पर भी जोर देते थे. उनके शिक्षा मंत्री रहते हुए कई ऐसे प्रमुख संस्थान स्थापित किए गए, जो आज भी देश की शिक्षा व्यवस्था में अहम योगदान दे रहे हैं. इनमें IIT खड़गपुर से लेकर यूजीसी और साहित्य अकादमी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं.  

यह भी पढ़ें | Success Story: सबसे कम उम्र में IAS बनने वाले शेख अंसार की कहानी, पिता ने ऑटो चलाकर किया था गुजारा

यह भी पढ़ें | DANICS और DANIPS अधिकारियों में क्या होता है अंतर? जानें कैसे मिलती है ये नौकरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
National Education Day 2026, National Education Day, Maulana Abul Kalam Azad, Maulana Abul Kalam Azad Birth Anniversary
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com