यूरोप में पढ़ाई का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों के लिए एक अच्छा मौका सामने आया है. इटली की यूनिवर्सिटी ऑफ बर्गामो ने इंटरनेशनल छात्रों के लिए स्कॉलरशिप का ऐलान किया है, जिसमें भारतीय छात्र भी आवेदन कर सकते हैं. ये स्कॉलरशिप मास्टर्स डिग्री के लिए है. खास बात यह है कि चुने गए छात्रों को कुल 16,000 यूरो यानी करीब 17.5 लाख रुपए तक की मदद मिल सकती है. अगर आप अगले साल इटली में मास्टर डिग्री करने की योजना बना रहे हैं, तो यह मौका आपके काम का हो सकता है. हालांकि आवेदन करने से पहले पात्रता और दूसरी शर्तों को ध्यान से समझ लेना जरूरी है.
किसे और कितनी मिलेगी स्कॉलरशिप?
इस स्कॉलरशिप के तहत चुने गए छात्रों को कुल 16,000 यूरो दिए जाएंगे. भारतीय रुपए में इसकी कीमत करीब 17.5 लाख रुपए बैठती है. यह रकम एक साथ नहीं मिलेगी. छात्रों को यह पैसा चार किस्तों में दिया जाएगा. हर किस्त करीब 4,000 यूरो की होगी. यूनिवर्सिटी के मुताबिक यह सहायता दो साल के मास्टर प्रोग्राम के लिए है. यह स्कॉलरशिप खास तौर पर इंटरनेशनल छात्रों के लिए रखी गई है. भारतीय छात्र भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने वाले छात्र के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा डिग्री इटली के बाहर की यूनिवर्सिटी से हासिल की गई हो.
इस परीक्षा का स्कोर है सबसे अहम
इस स्कॉलरशिप का सबसे अहम हिस्सा GRE (Graduate Record Examination) स्कोर है. यूनिवर्सिटी ने साफ कहा है कि आवेदन करने वाले छात्रों के पास वैलिड GRE स्कोर होना चाहिए. पुराने स्कोर स्वीकार नहीं किए जाएंगे. यानि अगर किसी को ये स्कॉलरशिप चाहिए तो उसे GRE में अच्छा परफॉर्म करना ही होगा.
यह स्कॉलरशिप अंग्रेजी में पढ़ाए जाने वाले कई मास्टर कोर्स के लिए उपलब्ध है. इनमें बिजनेस, अकाउंटिंग, डेटा एनालिटिक्स, इंटरनेशनल मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, टूरिज्म और दूसरे कई कोर्स शामिल हैं. अलग-अलग कोर्स की पूरी सूची यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर देखी जा सकती है.
सिर्फ स्कॉलरशिप मिलना काफी नहीं
एक बात ध्यान रखने वाली है. यह स्कॉलरशिप ट्यूशन फीस को पूरी तरह खत्म नहीं करती. छात्रों को अपनी फीस और दूसरे खर्चों की योजना अलग से बनानी होगी. इसके साथ ही स्कॉलरशिप की अगली किस्तें पाने के लिए पढ़ाई में तय स्तर बनाए रखना भी जरूरी होगा.
इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 10 जुलाई 2026 तय की गई है. आवेदन ऑनलाइन करना होगा. इसके लिए छात्रों को पासपोर्ट, ग्रेजुएशन से जुड़े दस्तावेज, मार्कशीट और GRE स्कोर जैसी जरूरी चीजें तैयार रखनी होंगी. अगर आप यूरोप में मास्टर डिग्री करने का सपना देख रहे हैं, तो यह उन मौकों में से एक हो सकता है जिसे आखिरी तारीख निकलने से पहले जरूर देख लेना चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं