IIT में एक और छात्र के सुसाइड की खबर सामने आई है. अब आईआईटी रुड़की में एक 20 साल के छात्र का शव उसके हॉस्टल रूम में पंखे से लटका हुआ पाया गया. संस्थान की तरफ से सिर्फ छात्र की मौत की बात कही गई है. साथ ही पुलिस ने भी बताया है कि हॉस्टल रूम से सुसाइड नोट मिला है. IIT रुड़की की तरफ से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया गया है, जिसमें इस घटना को लेकर पूरा बयान है. इसमें बताया गया है कि गणित विभाग के बीएस-एमएस (मैथमैटिक्स एंड कंप्यूटिंग) प्रोग्राम के सेकेंड ईयर के छात्र की मौत हुई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
IIT रुड़की का बयान
आईआईटी रुड़की ने छात्र की मौत के बाद जो बयान जारी किया है, उसमें कहा गया है- "आईआईटी रुड़की बहुत दुख के साथ ये खबर साझा कर रहा है कि गणित विभाग के बीएस-एमएस प्रोग्राम के दूसरे वर्ष के छात्र आयुष राजोरिया की मौत हो गई है. इस घटना से जुड़े कारणों की पुलिस जांच कर रही है. संस्थान अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहा है और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है."

पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने इस पूरे मामले पर बयान जारी कर बताया है कि छात्र ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. छात्र ने किसी पर भी आरोप नहीं लगाया है और जान देने का कारण डिप्रेशन को बताया जा रहा है. रुड़की सीओ ओशिन जोशी के मुताबिक, छात्र के लैपटॉप से ये नोट मिला है. फिलहाल पुलिस इस मामले को लेकर जांच कर रही है. पुलिस पता लगा रही है कि आयुष ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया और कहीं इसके पीछे कोई वजह तो नहीं थी.
देर रात की है घटना
आईआईटी रुड़की के छात्र आयुष के दोस्त जब रात को उससे मिलने उसके रूम में पहुंचे तो अंदर से दरवाजा लॉक था, कई बार खटखटाने पर भी जब आयुष ने दरवाजा नहीं खोला तो छात्रों ने इसकी जानकारी संस्थान के अधिकारियों को दी. इसके बाद पुलिस को बताया गया और फिर सभी दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे, हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी. मृतक छात्र गाजियाबाद का रहने वाला है.
(इनपुट - विनीत त्यागी)
यह भी पढ़ें | तेलंगाना के IAS को हाईकोर्ट ने सुनाई 6 महीने जेल की सजा, क्या चली जाएगी नौकरी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं