IIT Guwahati Tata Electronics partnership : आईआईटी गुवाहाटी (IIT Guwahati) और देश के दिग्गज औद्योगिक घराने की कंपनी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स (Tata Electronics) ने मिलकर शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी साझेदारी की है. इस पार्टनरशिप के तहत आईआईटी गुवाहाटी के कैंपस में सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी से जुड़े स्पेशल कोर्सेस और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग प्रोग्राम्स शुरू किए जा रहे हैं. इस पहल का सबसे बड़ा उद्देश्य देश के युवाओं को सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में आने वाले समय में पैदा होने वाली लाखों नौकरियों के लिए पूरी तरह से तैयार करना है. तो चलिए जानते हैं इस पार्टनरशिप से आईआईटी गुवाहाटी में पढ़ाई करने का सपना देख रहे स्टूडेंट्स को क्या कुछ नया मिलेगा सीखने और पढ़ने के लिए.
शुरू होंगे बीटेक और डिप्लोमा कोर्सेज
इस एमओयू (MoU) के तहत, आईआईटी गुवाहाटी अपने करिकुलम में सेमीकंडक्टर ATMP (Assembly, Testing, Marking, and Packaging) पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए डिप्लोमा और बीटेक लेवल के प्रोग्राम शुरू करेगा. आपको बता दें कि ATMP तकनीक चिप बनाने की प्रोसेस का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है.
दोनों संस्थान मिलकर इन कोर्सेज की स्टडी मैटेरियल, रिसोर्सेज और प्रैक्टिकल मॉड्यूल को तैयार करेंगे. इसके अलावा, अंडरग्रेजुएट (UG) और पोस्टग्रेजुएट (PG) स्टूडेंट्स को सेमीकंडक्टर पैकेजिंग, असेंबली और टेस्टिंग से जुड़े लाइव रिसर्च प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अच्छा अवसर भी मिलेगा.
टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स में मिलेगी प्रैक्टिकल ट्रेनिंग
अक्सर देखा जाता है कि छात्रों को थ्योरी की नॉलेज तो होती है, लेकिन प्रैक्टिकल अनुभव नहीं मिल पाता. इसी को ध्यान में रखते हुए इस कोर्स के छात्रों को टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के प्लांट में सीधे जाकर ऑन-साइट प्रैक्टिकल ट्रेनिंग लेने का मौका मिलेगा, जिससे उन्हें चिप मैन्युफैक्चरिंग की बारिकियां सीधे सीखने को मिलेंगी.
नॉर्थ-ईस्ट और अन्य कॉलेजों के छात्रों को भी मिलेगा मौका
बता दें कि यह साझेदारी केवल आईआईटी गुवाहाटी के छात्रों तक ही सीमित नहीं रहेगी. आईआईटी गुवाहाटी और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स मिलकर अन्य इंजीनियरिंग कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और पॉलिटेक्निक संस्थानों की पहचान करेंगे. इन इंस्टीट्यूट्स के छात्र भी इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से सेमीकंडक्टर की ट्रेनिंग ले सकेंगे. यही नहीं, इन कॉलेजों के फैकल्टी (Falculty) को भी स्पेशल ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे अपने कॉलेज में छात्रों को बेहतर ढंग से पढ़ा सकें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं