Haryana Board Exam 2026: हरियाणा बोर्ड की तरफ से 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं. परीक्षा देने वाले छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हो रही हैं, यही वजह है कि परीक्षा से करीब एक हफ्ते पहले एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं. इसके साथ ही छात्रों के लिए गाइडलाइन भी जारी की गई है, जिसमें एंट्री से लेकर बाकी तमाम तरह की जानकारी मौजूद है.
कब से शुरू होंगी परीक्षाएं?
हरियाणा बोर्ड की तरफ से पहले ही एग्जाम की डेटशीट जारी कर दी गई थी. जिसमें बताया गया था कि कक्षा 12वीं की परीक्षा 25 फरवरी से 1 अप्रैल 2026 तक होगी और कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 26 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगीं. परीक्षा के समय की बात करें तो एक ही पाली में दोपहर 12:30 बजे से 3:30 तक परीक्षाएं होंगी. हरियाणा के 1,421 केंद्रों पर करीब 5,66,400 छात्र परीक्षा देंगे.
कैसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड?
- BSEH की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जाएं.
- होमपेज पर HBSE Admit Card 2026 for Class 10, 12 लिंक दिखेगा, इस पर क्लिक करें.
- अगले पेज पर आपको अपने रोल नंबर से लॉगइन करना होगा.
- लॉगइन करते ही एडमिट कार्ड आपकी स्क्रीन पर खुल जाएगा.
- इसे डाउनलोड करें और एक प्रिंटआउट निकाल लें.
इन बातों का ख्याल रखें छात्र
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद एक बार उसे अच्छी तरह से चेक कर लें, अगर नाम या फिर फोटो में किसी भी तरह की गलती है तो तुरंत इसे ठीक करवा लें. बोर्ड की तरफ से इसके लिए 20 फरवरी तक का समय दिया गया है. बोर्ड एग्जाम देने वाले छात्रों को निर्देश दिए गए हैं कि वो परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले ही एग्जाम हॉल में पहुंच जाएं. इसके बाद गेट बंद कर दिए जाएंगे. किसी भी समस्या के लिए छात्र बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01664-254309 पर संपर्क कर सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं