अमेरिका की प्रतिष्ठित हार्वर्ड यूनिवर्सिटी ने एक चैलेंज का ऐलान किया है, जिसमें जीतने वाले को 4.69 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा. इसमें यूनिवर्सिटी की सोच है कि वो सिर्फ रट्टा मारकर डिग्री लेने वाले छात्र नहीं, बल्कि प्रॉब्लम सॉल्वर तैयार करना चाहती है, जो समाज की तमाम दिक्कतों को अपने दिमाग का इस्तेमाल कर असानी से हल कर सकते हैं. इसीलिए ऐसे छात्रों की तलाश के लिए 'प्रेसिडेंट्स इनोवेशन चैलेंज' की शुरुआत की गई है. इसमें हार्वर्ड के तमाम स्कूलों के छात्र अपने दिमाग में आने वाले बेहतरीन बिजनेस आइडिया और स्टार्टअप्स शुरू करने के तरीके बताएंगे.
क्या है ये 'प्रेसिडेंट्स इनोवेशन चैलेंज'?
हार्वर्ड इनोवेशन लैब्स की तरफ से शुरू किए गए इस सालाना चैलेंज में कुल 5,00,000 डॉलर यानी करीब 4.69 करोड़ रुपये का भारी-भरकम प्राइज पूल रखा गया है. इसमें शुरुआती आइडिया से लेकर बड़े स्टार्टअप तक का मौका दिया जा रहा है. इस साल की थीम 'अनप्रॉम्प्टेड' रखी गई है, जिसका मतलब है कि छात्रों को बिना किसी के कहे खुद आगे आना है, अपने आसपास की समस्याओं को पहचानना है और उनका समाधान ढूंढना है.
इस पूरे चैलेंज में कुल 25 फाइनलिस्ट चुने जाएंगे, जिन्हें 25,000 डॉलर से लेकर 75,000 डॉलर तक का ग्रांट दिया जाएगा. इसके अलावा, शुरुआती चरण वाले नए आइडिया को बढ़ावा देने के लिए 'इंजुइटी अवार्ड्स' भी जोड़े गए हैं, जिसके तहत ऐसे आइडिया को 2,500 डॉलर (करीब 2.34 लाख रुपये) दिए जाएंगे जो अभी शुरुआती रूप ले रहे हैं. इस पुरस्कार राशि का खर्च हर साल 'बर्टारेली फाउंडेशन' की तरफ से उठाया जाता है, जो वैज्ञानिक रिसर्च और सामाजिक भलाई के कामों में मदद करता है.
कौन ले सकता है चैलेंज में हिस्सा?
हार्वर्ड के सभी 13 स्कूलों के छात्र इसमें आवेदन कर सकते हैं, जिससे अलग-अलग देशों और अलग-अलग पढ़ाई के बैकग्राउंड वाले छात्र एक साथ मिलकर अपने शानदार प्रस्ताव सामने रख सकें. इस प्रतियोगिता में तीन मुख्य कैटेगरी बनाई गई हैं -
- हेल्थकेयर और लाइफ साइंसेज
- सोशल इंपैक्ट
- एक ओपन कैटेगरी
आवेदन की आखिरी तारीख
हार्वर्ड के राष्ट्रपति एलन गार्बर ने अक्टूबर में इस चैलेंज की घोषणा की थी. 2027 के प्रेसिडेंट्स इनोवेशन चैलेंज के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 8 दिसंबर, 2026 है. हार्वर्ड इनोवेशन लैब्स का मानना है कि छात्र इससे सिर्फ समस्याओं पर बात करने की बजाय उन्हें सॉल्व करने के लिए आगे बढ़ेंगे.
यह भी पढ़ें | UPSC की तैयारी में सबसे बड़ी गलती क्या करते हैं एस्पिरेंट्स? मेन्स क्रैक करने वाले PCS अफसर ने दिया जवाब
यह भी पढ़ें | असम मॉडल की तारीफ क्यों कर रहे हैं अग्निवीर? नौकरी छोड़ने पर भी मिलेगा आरक्षण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं