DU College Bomb Threat: दिल्ली यूनिवर्सिटी के दो बड़े कॉलेजों को खाली कराया गया है. यहां मौजूद छात्रों और तमाम स्टाफ मेंबर्स को तुरंत कैंपस से बाहर निकाला गया और पुलिस कैंपस के अंदर दाखिल हुई. दरअसल रामजस कॉलेज और मिरांडा कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. ये धमकी एक मेल के जरिए मिली, जिसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे. फिलहाल पूरे कैंपस की तलाशी ली जा रही है. पुलिस ने अब तक नहीं बताया है कि धमकी किसकी तरफ से मिली है.
बम की धमकी के बाद क्या होता है?
प्रोटोकॉल के तहत किसी भी स्कूल या फिर कॉलेज को अगर बम की धमकी मिलती है तो सबसे पहले उसे खाली कराया जाता है. वहां मौजूद लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाता है. इसके बाद उस जगह पर पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता पहुंचता है. पूरी जगह को सैनिटाइज किया जाता है और देखा जाता है कि कहीं कोई विस्फोटक न हो. जब तक बम दस्ते की तरफ से क्लीयरेंस नहीं मिलता है, तब तक उस जगह पर जाने की इजाजत नहीं होती है.
लगातार जारी है धमकियों का सिलसिला
दिल्ली में पहली बार ऐसी बम की धमकी नहीं मिली है, इससे पहले राजधानी के कई बड़े स्कूलों को ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं. ज्यादातर धमकियों में पैटर्न सेम होता है, जिसमें एक ई-मेल के जरिए बताया जाता है कि स्कूल को बम से उड़ा दिया जाएगा. इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाती है और फिर स्कूल को खाली कराया जाता है. हालांकि इनमें से लगभग सभी धमकियां पूरी तरह से फर्जी होती हैं.
पुलिस स्कूलों या कॉलेज कैंपस की जांच करने के बाद उस आईपी एड्रेस की तलाश शुरू करती है, जिससे ऐसा धमकी भरा मेल भेजा जाता है. कई बार ऐसे मेल, देश के बाहर से आते हैं. वहीं कुछ मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जाता है.
ये भी पढ़ें - यूपी में अब नहीं चलेगी स्कूलों की मनमानी! सिर्फ सरकारी किताबों से होगी पढ़ाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं