सऊदी अरब के एक छात्र ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) के इम्प्रूवमेंट एग्जाम के नतीजों की घोषणा नहीं करने को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. सऊदी अरब में रहने वाले प्रांशु जिगरकुमार पटेल ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. जानकारी के अनुसार प्रांशु जिगरकुमार पटेल सऊदी अरब के एक स्कूल का छात्र है और उसने अल जुबैल से CBSE कक्षा 12वीं का इम्प्रूवमेंट एग्जाम दिया था. याचिका के अनुसार, इस साल उसने पांच विषयों में इम्प्रूवमेंट एग्जाम देने के लिए आवेदन किया था. जो कि फिजिक्स, केमिस्ट्री साइंस, मैथमेटिक्स, इंग्लिश और कंप्यूटर साइंस थे. पटेल ने फिजिक्स और केमिस्ट्री साइंस की परीक्षा तो दे दी थी. हालांकि, एग्जाम के दौरान पैदे हुए युद्ध के हालातों के कारण CBSE ने पश्चिमी एशियाई देशों में परीक्षाएं रद्द कर दी थी. बीच में ही एग्जाम रद्द होने के कारण वो मैथमेटिक्स, अंग्रेजी और कंप्यूटर साइंस का एग्जाम नहीं दे सका था.
रिजल्ट नहीं किया जारी
युद्ध के कारण CBSE ने 27 मार्च को पश्चिम एशियाई देशों में कक्षा 12 के परिणामों की घोषणा के लिए मूल्यांकन योजना से जुड़ा नोटिफिकेशन जारी किया था. जिसमें बताया गया था कि रद्द की गई परीक्षाओं के अंक, शैक्षणिक वर्ष के दौरान हुई सेमेस्टर और प्री-बोर्ड परीक्षाओं में छात्र के प्रदर्शन के आधार पर दिए जाएंगे. इसके बाद, CBSE ने 13 मई को 12वीं का रिजल्ट घोषित किया था. हालांकि, पटेल का रिजल्ट घोषित नहीं किया गया. पटेल का दावा है कि उसके रिजल्ट की स्थिति 'Result Later' दिखाई गई थी. पटेल ने अपनी याचिका में कहा है कि रिजल्ट की घोषणा न करना मनमाना, अनुचित, भेदभावपूर्ण और संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन है.
बोर्ड ने अभी तक नहीं दिया कोई जवाब
पटेल ने 2 मई को धीरूभाई अंबानी यूनिवर्सिटी में B.Tech कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रोग्राम में एडमिशन के लिए आवेदन किया था और रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान किया था. यूनिवर्सिटी ने उससे 1 जून तक अपने कक्षा 12वीं के रिजल्ट की स्थिति अपडेट करने को कहा था. याचिका में कहा गया है कि CBSE के रिजल्ट घोषित नहीं करने से वह प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने में असमर्थ रहा है. याचिका में आगे कहा गया है कि पटेल और उनके पिता ने इस मुद्दे के समाधान की मांग करते हुए 17 मई, 21 मई और 30 मई को CBSE को पत्र लिखा था. हालांकि, कोई भी जवाब अभी तक उन्हें बोर्ड की ओर से नहीं दिया गया है.
पटेल ने सुप्रीम कोर्ट से आवेदन की है कि वह केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, CBSE और दुबई में मौजूद CBSE के क्षेत्रीय अधिकारी को निर्देश दे कि वे CBSE की 27 मई की मूल्यांकन योजना को लागू करते हुए उनका रिज़ल्ट घोषित करें. या इसके विकल्प के तौर पर मैथमेटिक्स, इंग्लिश और कंप्यूटर साइंस के लिए विशेष एग्जाम या री-एग्जाम आयोजित करने का निर्देश देने की मांग की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं