विज्ञापन

CBSE ने सुधारी गलती, पहले थमाई किसी और की आंसर शीट, भारी फजीहत के बाद छात्र को मिली सही कॉपी

सीबीएसई ने मानी अपनी बड़ी गलती! 12वीं के छात्र वेदांत को भेजी गई थी किसी और की फिजिक्स आंसर शीट. बवाल के बाद बोर्ड ने भेजी सही कॉपी, जल्द सुधरेगा रिजल्ट.

CBSE ने सुधारी गलती, पहले थमाई किसी और की आंसर शीट, भारी फजीहत के बाद छात्र को मिली सही कॉपी
"कृपया अपनी सही फिजिक्स आंसर बुक ढूंढें. नए मार्क्स के आधार पर आपका रिजल्ट जल्द ही अपडेट कर दिया जाएगा."

Physics answer key mismatch : सीबीएसई (CBSE) 12वीं के नतीजे आने के बाद से ही लगातार कोई न कोई विवाद सामने आ रहा है.  पहले ऑन-स्क्रीन मार्किंग में गड़बड़ी, ब्लर आंसर-शीट की शिकायतें और अब  कॉपियों की अदला-बदली यानी 'मिसमैच' का बड़ा मामला सामने आया है. जहां वेदांत नाम के एक छात्र को किसी दूसरे स्टूडेंट की आंसर शीट भेज दी गई.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 12वीं का रिजल्ट आने के बाद वेदांत नाम का एक छात्र अपने मार्क्स से संतुष्ट नहीं था. उसने नियमों के मुताबिक स्क्रूटनी  के लिए अप्लाई किया. वेदांत के भाई सिद्धांत श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने 19 मई को आंसर-शीट की फोटोकॉपी के लिए आवेदन किया था, जो उन्हें 23 मई को ईमेल के जरिए मिली.

जब परिवार ने ईमेल में आई इस कॉपी को खोलकर देखा तो आंसर-शीट वेदांत की थी ही नहीं. बोर्ड ने किसी और छात्र की कॉपी पर वेदांत का नाम चढ़ाकर भेज दिया था.

सोशल मीडिया पर हुआ बवाल

इस बड़ी लापरवाही के बाद वेदांत ने 'एक्स' (ट्विटर) पर अपनी बात रखी. लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि मदद मिलने के बजाय शुरुआत में उसे ट्रोलर्स का सामना करना पड़ा. इसके बाद वेदांत के भाई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया. साथ ही, परिवार ने तुरंत सीबीएसई को ईमेल भेजकर और हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई.

झुकना पड़ा CBSE को, सुधरेगा रिजल्ट

मामला सोशल मीडिया और मीडिया में तूल पकड़ने के बाद आखिरकार सीबीएसई को अपनी गलती माननी पड़ी. बोर्ड ने तत्परता दिखाते हुए वेदांत को ईमेल के जरिए उसकी असली फिजिक्स की आंसर शीट भेज दी है. साथ ही ईमेल में कहा है कि नए मार्क्स के आधार पर आपका रिजल्ट जल्द ही अपडेट कर दिया जाएगा."

यह भी पढ़ें- Exclusive: कॉपी मिसमैच पर CBSE ने मान ली अपनी गलती! छात्र वेदांत के परिवार से किया संपर्क

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CBSE Board Controversy, Vedant CBSE Result Row, CBSE Wrong Answer Sheet, CBSE Class 12 Scrutiny Result, CBSE Evaluation Mistake
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com