छात्र आंदोलनों की गूंज अब ग्रामीण इलाकों तक सुनाई देने लगी है. बिहार के गया जिले के टिकारी अनुमंडल क्षेत्र में मिडिल स्कूल सिमुआरा के 40 से अधिक छात्र-छात्राएं बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंच गए. स्कूल की बदहाल व्यवस्था से नाराज बच्चों ने नारेबाजी कर प्रशासन से जवाब मांगा. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने जांच समिति गठित कर चार दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया.
बुनियादी सुविधाओं के लिए सड़क पर उतरे छात्र
मंगलवार को मिडिल स्कूल सिमुआरा के 40 से अधिक छात्र-छात्राएं स्कूल में व्याप्त अव्यवस्थाओं के खिलाफ टिकारी अनुमंडल कार्यालय पहुंच गए. हाथों में आवेदन और मन में अपनी समस्याओं का समाधान कराने की उम्मीद लिए बच्चों ने प्रशासन के समक्ष अपनी आवाज बुलंद की. बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने से अनुमंडल कार्यालय में कुछ देर के लिए हलचल मच गई.
एसडीएम से मिलने की मांग पर अड़े रहे बच्चे
उस समय एसडीएम प्रवीण कुंदन किसी काम से बाहर गए थे. छात्रों की शिकायत सुनने के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी रंजीत कुमार सिंह को भेजा गया, लेकिन छात्र एसडीएम से सीधे मुलाकात करने की मांग पर डटे रहे. गुरारू से लौटने के बाद एसडीएम ने स्वयं छात्रों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं.
मिड-डे मील से लेकर शौचालय तक उठाए सवाल
छात्रों ने बताया कि स्कूल में लंबे समय से कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है. मिड-डे मील की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है,हैंडपंप खराब पड़ा है, शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होती और खेल सामग्री भी उपलब्ध नहीं कराई जाती. उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ, इसलिए उन्हें प्रशासन तक पहुंचना पड़ा.
चार दिन का समय, जांच समिति गठित
मामले को गंभीर मानते हुए एसडीएम प्रवीण कुंदन ने स्कूल के प्रधानाध्यापक को चार दिनों के भीतर सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही छात्रों की लिखित शिकायत की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया. समिति में कार्यपालक दंडाधिकारी रंजीत कुमार सिंह, टिकारी बीडीओ योगेंद्र पासवान और एडीएसओ चंदन कुमार को शामिल किया गया है. समिति अपनी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.
इस संबंध में एसडीएम प्रवीण कुंदन ने कहा कि छात्रों की समस्या सुनने के बाद स्कूल के प्रधानाचार्य को चार दिनों के अंदर सभी समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही उन्होंने कहा कि तीन सदस्यीय टीम गठित कर अनियमितता की जांच की जाएगी. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं