Top 5 Short Term Skill based Course after 12th : 12वीं बोर्ड के एग्जाम लगभग सभी राज्यों में हो चुके हैं. अब बस रिजल्ट आने का इंतजार है. 12वीं पास करने के बाद स्कूल लाइफ खत्म हो जाती है और आप कॉलेज लाइफ में पहुंच जाते हैं. लेकिन उससे पहले आपके दिमाग में कई सवाल चलते हैं कि आखिर आप इंटर पास करने के बाद कौन सा कोर्स या डिग्री लें जो आपके करियर के लिए बेस्ट होगा. खासतौर से अगर आपने 12वीं साइंस (PCM या PCB) से पास की है, तो आपके मन में एक ही सवाल होगा 'अब आगे क्या?' अक्सर लोग सोचते हैं कि साइंस ली है तो बस डॉक्टर या इंजीनियर ही बनना पड़ेगा. लेकिन 2026 का दौर बदल चुका है. अब लंबी-चौड़ी डिग्रियों के पीछे भागने के बजाय, 'स्किल' यानी हुनर का जमाना है.
आज हम आपको उन 5 बेहतरीन शॉर्ट टर्म कोर्सेज के बारे में बताएंगे, जिन्हें आप 3 से 12 महीने में पूरा कर सकते हैं और एक शानदार करियर की शुरुआत कर सकते हैं.
AI और डेटा साइंस
आजकल हर तरफ AI (Artificial Intelligence) का शोर है. अगर आपको मैथ्स और लॉजिक पसंद है, तो यह कोर्स आपके लिए बेस्ट है. सिर्फ 3 से 6 महीने के इस कोर्स में आप Python प्रोग्रामिंग और मशीन लर्निंग जैसी चीजें सीखते हैं. आज की दुनिया डेटा पर चल रही है, और कंपनियों को ऐसे लोगों की जरूरत है जो उनके डेटा को समझ सकें. इसे करने के बाद आप डेटा एनालिस्ट या AI असिस्टेंट के तौर पर काम शुरू कर सकते हैं.
2. मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (DMLT)
अगर आपने बायोलॉजी (PCB) से पढ़ाई की है और आप डॉक्टर नहीं बन पाए, तो निराश न हों. हेल्थकेयर सेक्टर में लैब टेक्नीशियंस की बहुत डिमांड है. 6 से 12 महीने का DMLT कोर्स करके आप पैथोलॉजी और ब्लड टेस्ट जैसे कामों में एक्सपर्ट बन सकते हैं. कोरोना के बाद से डायग्नोस्टिक सेंटर्स की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे इस फील्ड में नौकरी मिलना बहुत आसान हो गया है.
3. साइबर सिक्योरिटी और एथिकल हैकिंग
इंटरनेट की इस दुनिया में जैसे-जैसे डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन काम बढ़े हैं, वैसे ही ऑनलाइन ठगी भी बढ़ी है. बड़ी-बड़ी कंपनियों को अपने डेटा को हैकर्स से बचाने के लिए एक्सपर्ट्स की जरूरत होती है. अगर आपको कंप्यूटर और सिक्योरिटी में दिलचस्पी है, तो 4-6 महीने का यह कोर्स आपको एक 'एथिकल हैकर' बना सकता है. इसमें पैसा भी है और रुतबा भी.
4. रोबोटिक्स और IoT (Internet of Things)
रोबोटिक्स और IoT का कोर्स आपको स्मार्ट सिस्टम बनाना सिखाता है. जैसे- स्मार्ट होम डिवाइस या फैक्ट्री में काम करने वाले रोबोट. यह कोर्स खासकर उन छात्रों के लिए है जो इंजीनियरिंग की लाइन में जाना चाहते हैं, लेकिन उससे पहले कुछ प्रैक्टिकल सीखना चाहते हैं. 6 महीने की ट्रेनिंग के बाद आप ऑटोमेशन इंडस्ट्री में एंट्री ले सकते हैं.
5. रिन्यूएबल एनर्जी (सोलर और विंड पावर)
दुनिया अब बिजली के लिए कोयले को छोड़कर सूरज की रोशनी (Solar) और हवा (Wind) की तरफ बढ़ रही है. 'ग्रीन टेक्नोलॉजी' में करियर बनाना न सिर्फ कमाई के लिहाज से अच्छा है, बल्कि आप पर्यावरण की मदद भी करते हैं. 6 से 12 महीने का रिन्यूएबल एनर्जी टेक्नीशियन कोर्स आपको सोलर पैनल इंस्टॉलेशन और मेंटेनेंस सिखाता है. आने वाले सालों में इस सेक्टर में नौकरियों की बाढ़ आने वाली है.
क्यों करें ये शॉर्ट टर्म कोर्स?कम समय, ज्यादा फायदाजहां डिग्री में 3-4 साल लगते हैं, ये कोर्स कुछ ही महीनों में पूरे हो जाते हैं.
प्रैक्टिकल नॉलेजयहां किताबी ज्ञान से ज्यादा हाथ से काम करने (Hands-on training) पर जोर दिया जाता है.
जल्द कमाईकोर्स खत्म करते ही आप इंटर्नशिप या नौकरी शुरू कर सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं