UPSC पास करने के लिए लोग कड़ी मेहनत करते हैं और कई सालों की मेहनत के बाद कुछ लोगों को ही इसमें सफलता मिल पाती है. परिवार या फिर रिश्ते में कोई अगर आईपीएस बन जाए तो लोग ढोल नगाड़े के साथ उसका स्वागत करते हैं, लेकिन अगर एक ही परिवार के दो लड़के एक साथ आईपीएस बन जाएं तो फिर माहौल कैसा होगा. राजस्थान के एक छोटे से कस्बे से आने वाले दो भाइयों ने भी कुछ ऐसा ही किया. दोनों ने एक साथ यूपीएससी का सपना देखा और सबसे बड़ी बात है कि ये पूरा भी हो गया. दोनों आज देश के दो बड़े राज्यों में बतौर आईपीएस अफसर तैनात हैं.
एक ही साल में पास की यूपीएससी परीक्षा
राजस्थान के रहने वाले दो भाइयों, पंकज कुमावत और अमित कुमावत ने एक ही साल में सिविल सेवा परीक्षा पास की. परिवार की आर्थिक स्थिति उतनी ठीक नहीं थी, इसके बावजूद दोनों ने मेहनत से पढ़ाई की और सिविल सर्विस में चले गए. पंकज कुमावत और उनके भाई अमित ने झुंझुनू के भारती विद्या विहार स्कूल से पढ़ाई पूरी की और फिर उनका एडमिशन आईआईटी दिल्ली में हो गया.

बीटेक कर नोएडा में की नौकरी
आईपीएस पंकज कुमावत ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनकी 10वीं तक की पढ़ाई सरकारी स्कूल से हुई, इसके बाद उन्होंने झुंझुनू एकेडमी से 12वीं पास की. उन्हें गणित में काफी दिलचस्पी थी, इसीलिए उन्होंने आईआईटी जेईई का एग्जाम दिया और IIT दिल्ली से बीटेक की डिग्री ली. उन्होंने बताया कि बचपन से उन्हें ये पता नहीं था कि उन्हें कहां जाना है, जब वो बीटेक कर रहे थे तो प्लेसमेंट के लिए एक कंपनी आई और नोएडा में उन्होंने दो साल नौकरी की.

IPS पंकज कुमावत
दोनों भाइयों की यूपीएससी की तैयारी
दोनों भाइयों ने नौकरी करने की बजाय सिविल सर्विस में जाने का फैसला किया और एक साथ ये एग्जाम दिया. साल 2019 में पंकज और अमित दोनों ने ही एग्जाम दिया और अच्छी रैंक लाकर दोनों को ही आईपीएस मिल गया. छोटे भाई अमित कुमावत ने बड़े भाई को यूपीएससी देने के लिए प्रेरित किया था. इस पूरे सफर में उनके पिता, जो दर्जी का काम करते थे, उनका काफी सहयोग रहा. आज दोनों बेटों को पुलिस अधिकारी बना देख उनका सीना गर्व से चौड़ा होता है.
यूपीएससी के बाद रैंक के हिसाब से पंकज कुमावत को महाराष्ट्र कैडर मिला, वहीं उनके छोटे भाई अमित कुमावत को यूपी कैडर मिला है. दोनों ही पिछले 6 सालों में कई बड़े जिलों में काम कर चुके हैं.
यह भी पढ़ें | Success Story: MBA से UPSC तक का सफर: दिल्ली DCP आकांक्षा यादव ने बताया बिना कोचिंग कैसे बनीं IPS
यह भी पढ़ें | NEET UG में 12वीं के नंबरों को दिया जाए वेटेज, नंदन नीलेकणि कमेटी को राज्यों का सुझाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं