- महाराष्ट्र के वसई के आनंद नगर इलाके में खाली प्लॉट से मानव कंकाल और खोपड़ी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है
- कंकाल मिलने के स्थान पर कुछ सिक्के भी बरामद हुए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
- पिछले तीन दिनों से उसी प्लॉट पर आग लगने की घटनाएं हो रही थीं, जो संदिग्ध स्थिति पैदा कर रही हैं
महाराष्ट्र के वसई के आनंद नगर इलाके में एक बार फिर मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. रमाबाई चॉल के पीछे स्थित एक खाली प्लॉट पर खोपड़ी और शरीर की हड्डियां बिखरी हुई मिलने से पूरे परिसर में बड़ी हलचल देखी जा रही है. बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से इस प्लॉट पर आग लगने की घटनाएं हो रही थीं. इसी दौरान रविवार शाम को वहां क्रिकेट खेलने पहुंचे बच्चों को मानव खोपड़ी और हड्डियां दिखाई दीं, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
जानकारी के मुताबिक, कंकाल के पास कुछ सिक्के भी बरामद हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही माणिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर आगे की जांच शुरू कर दी है. करीब तीन महीने पहले भी इसी आनंद नगर इलाके की एक इमारत की पानी की टंकी में मानव कंकाल मिलने का मामला सामने आया था. एक ही इलाके में लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. अब सबकी नजर इस बात पर है कि पुलिस इन घटनाओं के पीछे का रहस्य कब तक सुलझा पाती है.














