- दिल्ली पुलिस ने फरीदाबाद से संगम विहार जंगलों के रास्ते अवैध शराब तस्करी करने वाला गिरोह पकड़ा है
- तस्करों ने पुलिस चेकिंग से बचने के लिए ऊंटों का उपयोग कर जंगल के रास्ते अवैध शराब दिल्ली में पहुंचाई
- पुलिस ने 39 कार्टन अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल उपकरण बरामद कर आरोपी विनोद भड़ाना को गिरफ्तार किया
दिल्ली में शराब तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. साउथ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो ऊंटों के जरिए जंगल के रास्तों से अवैध शराब दिल्ली में पहुंचा रहा था. सड़कों पर बढ़ती पुलिस चेकिंग से बचने के लिए तस्करों ने ये अनोखा तरीका अपनाया था, ताकि किसी की नजर उन पर न पड़े और आराम से माल दिल्ली तक पहुंच जाए. दरअसल, 29 और 30 मार्च की रात पुलिस को एक खास इनपुट मिला था, जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई शुरू हुई.
ऊंटों के जरिए जंगल के रास्ते शराब तस्करी का खुलासा
इनपुट मिला कि फरीदाबाद से संगम विहार के जंगलों के रास्ते बड़ी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है सूचना मिलते ही साउथ डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ की टीम अलर्ट हो गई और तुरंत इलाके में घेराबंदी कर दी गई. इंस्पेक्टर अनुज कुमार के नेतृत्व में और एसीपी के सुपरविजन में टीम ने जंगल के अंदर रणनीतिक तरीके से जाल बिछाया. कुछ ही देर बाद पुलिस को हलचल दिखाई दी, जहां एक शख्स दो ऊंटों के साथ जंगल के रास्ते आगे बढ़ रहा था. जैसे ही पुलिस टीम ने उसे रोका और तलाशी ली, तो ऊंटों पर लदी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई. मौके पर ही आरोपी को पकड़ लिया गया. उसकी पहचान विनोद भड़ाना के रूप में हुई, जो हरियाणा के फरीदाबाद के आनंदपुर गांव का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 48 साल बताई जा रही है.
ये भी पढ़ें : लश्कर का बांग्लादेशी मॉड्यूल ध्वस्त, मास्टरमाइंड शब्बीर लोन भी दबोचा, देश में बड़े हमले की साजिश नाकाम
जंगल में घेराबंदी, ऊंटों पर लदी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से कुल 39 कार्टन अवैध शराब जब्त की है, जिसमें लगभग 1938 क्वार्टर शामिल हैं. इसके अलावा शराब ढोने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण भी बरामद किए गए हैं. सबसे खास बात ये रही कि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों ऊंटों को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और बाद में संबंधित विभाग को सौंप दिया गया. जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसका गिरोह लंबे समय से इस तरीके से तस्करी कर रहा था. दिल्ली-फरीदाबाद बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती और लगातार चेकिंग के चलते उन्होंने सड़कों का इस्तेमाल बंद कर दिया और जंगल के रास्तों को चुना. ऊंटों का इस्तेमाल इसलिए किया गया ताकि बिना किसी शक के दूर-दराज के इलाकों से आसानी से माल लाया जा सके और पुलिस चेकपॉइंट्स से बचा जा सके.
ये भी पढ़ें ; खतरनाक घटना के वायरल वीडियो पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, चलती कार से बच्चे ने बाइक सवार पर फेंके गुब्बारे
39 कार्टन शराब बरामद, पुराने नेटवर्क और आगे की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी इसी तरह के मामलों में शामिल रह चुका है. उसके खिलाफ पहले दिल्ली एक्साइज एक्ट और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है. इससे साफ है कि वह इस धंधे का पुराना खिलाड़ी है. फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, शराब कहां से लाई जा रही थी और दिल्ली में किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.














