ग्रेटर नोएडा में B.Tec के छात्र ने 20वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस के अनुसार घटना से कुछ देर पहले ही अर्जुन अपनी बाइक से सोसाइटी टॉवर पहुंचा था. उसने बाइक नीचे खड़ी की और लिफ्ट से 21वीं मंजिल पर गया. वहां से सीढ़ियों के रास्ते 20वीं मंजिल पर पहुंचा और वहां आकर उसने छलांग लगा दी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
ग्रेटर नोएडा:

ग्रेटर नोएडा में बीटेक के एक छात्र ने पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्ट सोसाइटी की 20वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान बागपत निवासी अर्जुन तोमर (23) के रूप में हुई है, जो मंगलमय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस कॉलेज में बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र था. यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे हुई.घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचित किया. पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है.पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक सोसाइटी के स्टूडियो अपार्टमेंट में बिना सुरक्षा जांच के कैसे पहुंचा. सोसाइटी के गार्डों से पूछताछ की जा रही है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सोसाइटी प्रबंधन से भी जानकारी ली जा रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

पुलिस के अनुसार घटना से कुछ देर पहले ही अर्जुन अपनी बाइक से सोसाइटी टॉवर पहुंचा था. उसने बाइक नीचे खड़ी की और लिफ्ट से 21वीं मंजिल पर गया. वहां से सीढ़ियों के रास्ते 20वीं मंजिल पर पहुंचा और वहां आकर उसने छलांग लगा दी. लिफ्ट में मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि वह परेशान लग रहा था. अर्जुन के पिता हरेंद्र सिंह सूरजपुर स्थित साइट-सी के पास एक केमिकल फैक्ट्री में कार्यरत हैं और परिवार के साथ कोतवाली क्षेत्र में रहते हैं. उनका गामा सेक्टर में भी एक मकान है. अर्जुन का एक छोटा भाई भी है.  युवक अपना फोन घर पर छोड़कर आया था, और उसकी जेब से एक पर्ची मिली जिस पर पिता का नंबर लिखा था. वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि सुसाइड नोट कोई नहीं मिला है, मृतक के मोबाइल की जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजन की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. 

आपको बता दें की बीते कुछ दिनों में छात्र द्वारा सुसाइड करने का यह कोई पहला मामला नहीं. कुछ दिन पहले भी ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना इलाके के एक हॉस्टल के कमरे में एमसीए छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी. पुलिस ने मृतक कृष्‍णकांत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई थी. पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था. इस मामले में पुलिस ने बताया कि कृष्‍णकांत के आत्‍महत्‍या करने से पहले अपने पिता ने फोन पर बात हुई थी. पिता ने कृष्‍णकांत के दोस्‍त को फोन कर कहा था कि वह कुछ करने वाला है. हालांकि जब तक दोस्‍त उसके रूम पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

Advertisement

दरसअल, नॉलेज पार्क थाना पुलिस को शनिवार दोपहर को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के तुगलपुर में स्थित क्राउन हॉस्टल में एक छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि वहां पर क्राउन हॉस्टल के थर्ड फ्लोर के रूम नंबर 79 में कृष्णकांत (25) नाम के छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की थी. कृष्णकांत झारखंड का रहने वाला था, उसके द्वारा छत में लगे पंखे के हुक में अंगोछा डालकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया था.

यह भी पढ़ें: सॉरी, मां-पापा आपकी मदद नहीं कर पाया... शारदा यूनिवर्सिटी के B.Tech स्टूडेंट ने किया सुसाइड

Featured Video Of The Day
West Bengal Election 2026: मालदा में बवाल, जज तक सुरक्षित नहीं? Mamata Banerjee Vs Amit Shah
Topics mentioned in this article