हाल ही में अपना 15वां जन्मदिन मनाने वाले सुपर किड के नाम से मशहूर हो चुके वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने सोमवार को बहुत ही धमाकेदार अंदाज में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 19वें सीजन की शुरुआत की.चेन्नई से मिले 128 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत में मुश्किल जीवनदान मिलने के बाद वैभव का कहर चेन्नई के बॉलरों पर टूटा. और उन्होंने तूफानी अंदाज में 15 गेंदों पर 5 छक्कों और 4 चौकों से बनाकर मेगा इवेंट के पहले ही मैच में रिकॉर्ड हाफ सेंचुरी जड़ दी. कुल मिलाकर वैभव 17 गेंदों पर इतनी ही बाउंड्रियों से 52 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, शुरुआत में वैभव थोड़े असहज दिखाई पड़े, लेकिन इसके बाद उन्होंने ऐसे-ऐसे प्रचंड शॉट लगाए कि चेन्नई के खिलाड़ियों के चेहरे उतर गए. इस पारी से वैभव आईपीएल के रिकॉर्ड के लिहाज से स्पेशल क्लब में शामिल हो गए. तूफानी अर्द्धशतक से वैभव आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज पचासा जड़ने वाला संयुक्त रूप से तीसरे बल्लेबाज बन गए.
संयुक्त रूप से नंबर-3 पर!
जब बात आईपीएल के इतिहास में सबसे कम गेंदों पर अर्द्धशतक जड़ने की आती है, तो अब वैभव ऐसा करने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले इतनी ही गेंदों पर यूसफ पठान, सुनील नरेन, निकोलस पूरन, जैक फ्रैजस मैक्गुर्क यह कारनामा किया है. मैक्गुर्क ने दो बार 15 गेंदों पर अर्द्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड आईपीएल में बनाया है. और ये सभी बल्लेबाज सबसे तेज पचासा जड़ने में मामले में संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर हैं.
वैभव ने दिलाई इन खिलाड़ियों की याद
जब ऐसी बल्लेबाजी होती है, तो उन खिलाड़ियों के नाम भी चर्चा में स्वाभाविक तौर पर आ ही जाते हैं, जिन्होंनें टूर्नामेंट विशेष में सबसे तेज अर्द्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड बनाया है. और वैभव से पहले यहां तीन ऐसे बल्लेबाज हैं, जो 14 गेंदों पर अर्द्धशतक जड़कर संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं. केएल राहुल, पैट कमिंस और रोमारियो शेफर्ड तीन ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 14 गेंदों पर आईपीएल में अर्द्धशतक जड़ा है, तो वहीं इस रिकॉर्ड के किंग यशस्वी जायसवाल हैं. जायसवाल ने साल 2023 में कोलकाता में केकेआर के खिलाफ सिर्फ 13 गेंदों पर अर्द्धशतक जड़ा था. और वह अभी तक इस रिकॉर्ड के किंग हैं!
वैभव की तूफानी पारी बनी जीत का आधार
यह वैभव की दमदार पारी ही रही, जिससे राजस्थान रायल्स ने अपने पहले ही मैच में चेन्नई को बहुत ज्यादा पहले ही 8 विकेट से धो दिया. जीत के लिए 128 रनों का पीछा करते हुए वैभव ने दूसरे लेफ्टी यशस्वी जायसवाल (नाबाद 38 रन, 36 गेंद, 3 चौके, 1 छक्का) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 6.1 ओवरों में ही 75 रन की साझेदारी करके चेन्नई की हार पर मुहर लगा दी. इस तूफानी शुरुआत के बाद बस यही देखना बाकी था कि राजस्थान कितना जल्द से जल्द मैच पर कब्जा करता है. और यहां से राजस्थान ने आसानी से 12.1 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर ही जीत हासिल कर ली. सूर्यवंशी के बाद विकेटकीपर ध्रुव जुरेल (18 रन, 9 गेंद, 4 चौके) का एक और विकेट गिरा, लेकिन राजस्थान की जीत को लेकर कभी कोई सवाल दूर-दूर तक नहीं ही था. इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने 19.4 ओवरों में जब सभी विकेट खोकर 127 रन बनाए, तो उसकी जीत को लेकर तभी शक पैदा हो गया था. उसके लिए सबसे ज्यादा 43 रन नंबर-8 जैमी ओवर्टन नहीं बनाते, तो सुपर किंग्स की हालत और भी बुरी होती. राजस्थान के लिए नांद्रे बर्गर, जोफ्रा आर्चर और रवींद्र जडेजा ने दो-दो, जबकि ब्रिजेश शर्मा, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई ने एक-एक विकेट लिया.
यह भी पढ़ें: 'वह प्रोफेशनल नहीं बन पाएगा', RCB के खिलाड़ी ने वैभव सूर्यवंशी पर दिया बयान, राजस्थान रॉयल्स खेमे में भूचाल














