India V/S Ireland: अब जबकि आयरलैंड के खिलाभ भारत की दो टी20 मैचों की सीरीज सिर पर सवार है, तो बड़ी खबर यह है कि अब भारतीय समायनुसार मैचों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है. यह फैसला 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के महिला टी20 विश्व कप के महत्वपूर्ण मुकाबले के साथ समय के टकराव (क्लैश) को कम करने के लिए लिया गया है क्रिकेट आयरलैंड ने पुष्टि की है कि भारत के खिलाफ दोनों टी20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) मैच स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 6:00 बजे) शुरू होंगे. यह समय भारत के शाम के टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के सामान्य समय से एक घंटा पहले है. स्थानीय मीडिया और वहां सालों से रह रहे भारत के पूर्व क्रिकेटरों के अनुसार वभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) की वजह से इन दोनों ही मैचों को लेकर स्थानीय फैंस में जबर्दस्त उत्साह है. टिकटों के लिए खासी मारामारी है. और स्टेडियम की सिर्फ सात हजार दर्शकों की क्षमता को देखते हुए आयोजकों को अलग से सीट बढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है.
महिला विश्व कप के शेड्यूल ने प्रभावित किया यह फैसला
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम रविवार को लॉर्ड्स में महिला टी20 विश्व कप के एक बेहद महत्वपूर्ण मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का सामना करने के लिए तैयार है. यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होना है. अगर पुरुषों के भारत बनाम आयरलैंड दूसरे टी20 मैच का पुराना समय बरकरार रखा जाता, तो दोनों मैच पूरी तरह से एक ही समय पर होते.
इस समस्या के समाधान के लिए, क्रिकेट आयरलैंड ने दोनों टी20 मैचों के शुरू होने का समय एक घंटा पहले कर दिया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि प्रशंसक दोनों मैचों का एक बड़ा हिस्सा देख सकें।
ब्रॉडकास्टर्स संशोधित समय पर सहमत हुए
क्रिकबज के अनुसार, शुक्रवार (26 जून) और रविवार (28 जून) को होने वाले इन मैचों के आयोजक क्रिकेट आयरलैंड ने इस मामले पर भारतीय मीडिया पार्टनर 'सोनी स्पोर्ट्स' (Sony Sports) के साथ चर्चा की. आदर्श स्थिति में ब्रॉडकास्टर भारत के टी20 मैचों के लिए भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे का समय पसंद करते हैं, लेकिन माना जा रहा है कि सोनी स्पोर्ट्स इस टकराव को कम करने के लिए संशोधित समय पर सहमत हो गया. भले ही यह टकराव केवल आंशिक रूप से कम हुआ हो.
भारत-आयरलैंड टी20 सीरीज का शेड्यूल
'स्पिनी कप' के लिए यह दो मैचों की सीरीज बेलफास्ट में खेली जाएगी. उम्मीद है कि वैभव सूर्यवंशी इस मैच से अपना टीम इंडिया के लिए डेब्यू करेंगे. स्थानीय लोगों में इन मैच को लेकर बहुत ही ज्यादा उत्साह है और टिकटों के लिए मारा-मारी मची हुई है.
पहला टी20 (1st T20I): 26 जून: भारतीय समयानुसार शाम 6:00 बजे
दूसरा टी20 (2nd T20I): 28 जून: भारतीय समयानुसार शाम 6:00 बजे
इंग्लैंड टी20 मैचों के लिए अलग समय
वहीं, ऑयरिश टीम के खिलाफ टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी. लेकिन इन सभी मैचों का समय अलग-अलग होगा. चलिए इस सीरीज की भारतीय टाइमिंग के बारे में भी डिटेल से जान लीजिए:
| मैच | टाइमिंग |
| पहला टी20 (चेस्टर-ले-स्ट्रीट, 1 जुलाई) | रात 10:00 बजे |
| दूसरा टी20 (मैनचेस्टर, 4 जुलाई) | शाम 7:00 बजे |
| तीसरा टी20 (नॉटिंघम, 7 जुलाई) | रात 10:00 बजे |
| चौथा टी20 (ब्रिस्टल, 9 जुलाई) | रात 10:00 बजे |
| पांचवां टी20 (साउथेम्प्टन, 11 जुलाई) | शाम 7:00 बजे |
वनडे सीरीज के मैचों की टाइमिंग
टी20 सीरीज के बाद तीन मैचों की वनडे (ODI) सीरीज होगी, जिसके सभी मैच अपने तय मानक समय यानी भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होंगे
इन चैनलों पर होगा प्रसारण
भारत-इंग्लैंड सीरीज का भारत में टीवी पर प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल स्ट्रीमिंग कवरेज जियोस्टार (JioStar) द्वारा प्रदान की जाएगी.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के साथ डेब्यू करेगा राजस्थान का यह खिलाड़ी ! भारत-आयरलैंड मैच में होगी कांटे की टक्कर