नई दिल्ली: आर्थिक मामलों के सचिव सुभाष चंद्र गर्ग ने इस बात पर जोर दिया कि भारत जिस प्रतिनिधि समूह से है वह दक्षिण एशिया और विश्व में सबसे तेजी से वृद्धि कर रहा है. उन्होंने क्षेत्र के तेज विकास के लिये विश्व बैंक में मताधिकार को बढ़ाने की भी मांग की. आर्थिक मामलों के सचिव एस सी गर्ग ने विश्व बैंक की बैठक से इतर विकास समिति की 97 वें बैठक में कहा कि विश्व बैंक समूह के सदस्य - आईबीआरडी , आईएफसी , आईडीए , एमआईजीए - इस प्रतिनिधि समूह की वृद्धि और विकास में सहयोग करते हैं. इसे निकट भविष्य में जारी रखने की आवश्यकता होगी.
उन्होंने कहा कि विश्व बैंक में भारत के प्रतिनिधि समूह में आने वाले देश - बांग्लादेश , भूटान , भारत और श्रीलंका - दक्षिण एशिया और विश्व में सबसे तेजी से बढ़ रहे हैं.यह समूह इस वर्ष 3000 अरब डॉलर की जीडीपी को पार कर जाएगा. यह 100 अरब डॉलर के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को आकर्षित करने के करीब है. हालांकि , इन देशों में व्यापक स्तर पर गरीबी है और विकास के मामले में भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। यही कारण है कि पूंजी वृद्धि भारत के लिए महत्वपूर्ण विषय है.(इनपुट भाषा से)