यह ख़बर 08 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

ईरान तेल प्रतिबंध मामले में भारत, अन्य के साथ बातचीत करेगा अमेरिका

वाशिंगटन:

अमेरिका ने कहा है कि ईरान के साथ परमाणु समझौते के बावजूद उस पर लगाए गए प्रतिबंधों को पक्का करने के लिए भारत जैसे देशों से बातचीत करेगा। यह अलग बात है कि ईरान से तेल खरीदने में भारत जैसे देशों को पहले से ही कठिनाई हो रही है।

अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता मैरी हार्फ ने शनिवार को कहा, 'हमारा यह स्पष्ट रुख है कि हमने समझौता किया है, लेकिन ईरान के तेल एवं बैंक क्षेत्र पर प्रतिबंध पहले की तरह जारी है।'

उन्होंने कहा, 'हमने प्रतिबंधों को अमल में लाने के लिए भारत, जापान, दक्षिण कोरिया तथा अन्य देशों के साथ कठिन कूटनीतिक काम किया है।'

प्रवक्ता ने कहा, 'हम जानते हैं कि इन देशों के लिए यह आसान नहीं है, लेकिन हम सभी को इसे करना है क्योंकि यह दुनिया के हित में है कि वे ईरान पर दबाव डाले ताकि उनके परमाणु कार्यक्रम का कोई राजनयिक समाधान निकल सके।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

हर्फ ने कहा कि अमेरिका प्रतिबंधों को जारी रखने को लेकर इन देशों के साथ बातचीत करने जा रहा है।