ट्विटर कार्यालय में मेल से हड़कंप
नई दिल्ली: ट्विटर ने अपने स्टाफ से कहा है कि वे जल्द से जल्द अपने ऑफिस से आज शाम तक अपना सामान लेकर ड्यूटी के बाद चले जाएं और कल से घर से काम करने की तैयारी कर लें. बताया जा रहा है कि यह मेल आज ही आया है और इस प्रकार का मेल सिंगापुर के ट्विटर के कार्यालय में भेजा गया है. इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन कहा जा रहा है कि एलन मस्क कंपनी के खर्चों पर गौर कर रहे हैं और उसके मुताबिक निर्णय ले रहे हैं. मस्क अब ट्विटर के मालिक हैं और वे कंपनी के संचालन से जुड़े निर्णय ले रहे हैं. एलन मस्क इस समय ट्विटर के पूरी दुनिया में अलग अलग देशों में स्थित कार्यालयों का जायजा ले रहे हैं.
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, नाम न बताने की शर्त पर एक कर्मचारी ने बताया है कि इस मेल के बाद से ही कई लोगों को कंपनी के आंतरिक रिकॉर्ड में रिमोट एमप्लाई दर्शाया जा रहा है. बता दें कि सिंगापुर में ट्विटर का एशिया पैसेफिक हेडक्वार्टर है. एलन मस्क के मालिक बनने के बाद से यहां कई लोगों की छंटनी भी हुई है.
ट्विटर की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. मेल पर भी कोई जवाब नहीं दिया गया है. वहीं जिस बिल्डिंग में ट्विटर का कार्यालय है कैपिटाग्रीन उनका कहना है कि ट्विटर अभी भी उनका किराएदार है और इस बारे में इस कंपनी ने भी ज्यादा कुछ बातचीत नहीं की है.
बता दें कि सैनफ्रैनसिस्को के कार्यालय का भी किराया एलन मस्क की ओर से नहीं दिया गया है और यही वजह है कि इस कार्यालय के मालिक ने भी किराया न देने की वजह से ट्विटर के खिलाफ एक वाद दायर किया है.