नई दिल्ली: अमेरिका में वीजा नियमों के कथित उल्लंघन के लिए जांच का सामना कर रही भारतीय साफ्टवेयर कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) तथा इन्फोसिस ने आज कहा कि वे आव्रजन नियमों का 'पूरी तरह अनुपालन' कर रही हैं।
बंगलुरु की इन्फोसिस ने कहा कि उसे अपनी वीजा गतिविधियों पर 'किसी तरह की व्यापक जांच का कोई संकेत' नहीं मिला है। कंपनी का कहना है कि अमेरिका का श्रम विभाग (डीओएल) नियमित रूप से आईटी उद्योग से कुछ वीजा व श्रम शर्त आवेदनों को अतिरिक्त जांच के लिए चुनता है। कंपनी ने ईमेल से भेजे एक बयान में कहा है कि वह इस बारे में डीओएल का पूरा सहयोग कर रही है।
देश की सबसे बड़ी साफ्टवेयर सेवा कंपनी टीसीएस ने भी कमोबेश ऐसी ही राय रखी है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि वह अमेरिकी आव्रजन कानूनों से जुड़े सभी नियामकीय जरूरतों को पूरा करने के लिए कड़े विभागीय नियंत्रण रखती है। अमेरिकी मीडिया रपटों के अनुसार श्रम विभाग ने 'संभावित उल्लंघन' के लिए टीसीएस व इन्फोसिस के खिलाफ जांच शुरू की है।