यह ख़बर 15 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

2जी केस में स्वामी ने फिर से गवाही के लिए अर्जी दी

खास बातें

  • स्वामी ने विशेष सीबीआई न्यायाधीश की अदालत में कहा कि वह अपनी गवाही के जरिए अदालत की जानकारी में कुछ नई चीजों को देना चाहते हैं।
नई दिल्ली:

जनता पार्टी प्रमुख सुब्रह्मण्यम स्वामी ने दिल्ली की एक अदालत से अनुरोध किया कि उसे इन तथाकथित नई बातों को संज्ञान में लेना चाहिए कि 2 जी स्पेक्ट्रम की कीमत और प्रवेश शुल्क के बारे में फैसला करने में पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम और पूर्व संचार मंत्री ए राजा की भूमिका थी। स्वामी ने विशेष सीबीआई न्यायाधीश ओपी सैनी की अदालत में अर्जी देकर कहा कि वह अपनी गवाही के जरिए अदालत की जानकारी में कुछ नई चीजों को देना चाहते हैं। स्वामी ने अपनी अर्जी में कहा, बात यह है कि दोनों मंत्रियों (चिदंबरम और राजा) ने मिलकर फैसला किया कि स्पेक्ट्रम की कीमत और प्रवेश शुल्क 2001 के स्तर तक रखना चाहिए तथा प्रवेश शुल्क के लिए 2007-08 की बाजार कीमत के खिलाफ फैसला किया। प्रधानमंत्री ने राज्यसभा में 24 फरवरी, 2011 को अपने संबोधन में इसकी पुष्टि की थी। उन्होंने चिदंबरम (मौजूदा गृहमंत्री) पर स्पेक्ट्रम कीमत निर्धारण में सह-अपराधिता का आरोप लगाते हुए अपनी गवाही फिर से दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह लोगों की जानकारी में अब आ चुका है और शिकायतकर्ता के तौर पर उनकी गवाही फिर से आवश्यक है। स्वामी ने आरोपित लोगों तथा अन्य लोगों के गठजोड़ को उजागर करने के लिए संबद्ध उन सीबीआई अधिकारियों की भी जांच करने की मांग की है, जिन्हें अभियोजन एजेंसी ने इरादतन आरोपी नहीं बनाया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com