सेंसेक्स 54 अंक और निफ्टी 18 अंक गिरकर बंद

सेंसेक्स 54 अंक और निफ्टी 18 अंक गिरकर बंद

प्रतीकात्मक फोटो

मुंबई:

बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स दो दिन की तेजी के बाद मंगलवार को 54.14 अंक टूटकर 26,812.78 अंक पर बंद हुआ। ब्रिटेन में जनमत संग्रह से पहले सतर्कता के बीच विदेशी कोषों की निकासी तथा हाल की तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली से बाजार में गिरावट रही। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया 20 पैसे से अधिक टूटने का भी घरेलू शेयर बाजारों पर दबाव रहा।

हालांकि, स्मॉल कैप तथा मिडकैप सूचकांक में तेजी रही। जहां स्मॉल कैप 0.36 प्रतिशत मजबूत हुआ, वहीं मिड कैप 0.12 प्रतिशत मजबूत हुआ। विमानन कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली देखने को मिली और सोमवार को 100 प्रतिशत एफडीआई की अनुमति के बाद जो इसमें तेजी आई थी, वह मंगलवार को जाती रही। स्पाइसजेट का शेयर 3.25 प्रतिशत, इंटर ग्लोब 3.09 प्रतिशत तथा जेट एयरवेज 1.53 प्रतिशत नीचे आ गए।

30 शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूती के साथ खुला और एक समय 26,925.64 अंक तक चला गया, लेकिन अंत में 54.14 अंक या 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26,812.78 अंक पर बंद हुआ। पिछले दो सत्रों में सेंसेक्स 341.46 अंक मजबूत हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 18.60 अंक या 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,219.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 8,257.25 से 8,202.15 अंक के दायरे में रहा।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 नुकसान में रहे। नुकसान में रहने वाले शेयरों में अदाणी पोर्ट्स (1.72 प्रतिशत), एनटीपीसी (1.43 प्रतिशत), एक्सिस बैंक (1.37 प्रतिशत), एसबीआई (0.88 प्रतिशत), एचयूएल (0.88 प्रतिशत) तथा सिप्ला (0.78 प्रतिशत) शामिल हैं। वहीं दूसरी तरफ ओएनजीसी (1.68 प्रतिशत), महिंद्रा एंड महिंद्रा (0.92 प्रतिशत), टाटा मोटर्स (0.70 प्रतिशत), विप्रो (0.59 प्रतिशत) तथा एचडीएफसी (0.38 प्रतिशत) में तेजी रही।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com