खास बातें
- विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) और खुदरा निवेशकों की लिवाली तथा कंपनियों के उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजों से बुधवार को शेयर बाजारों में तेजी छाई रही।
मुंबई: विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) और खुदरा निवेशकों की लिवाली तथा कंपनियों के उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजों से बुधवार को शेयर बाजारों में तेजी छाई रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक सेन्सेक्स 1.98 प्रतिशत या 353.84 अंक उछलकर 18,202.41 पर बंद हुआ, और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एसएसई) का निफ्टी सूचकांक 2.14 प्रतिशत यानि 115.90 अंक मजबूत होकर 5,531.95 पर बंद हुआ।
बुधवार को सेन्सेक्स शुरुआती कारोबार में ही करीब 209 अंक की बढ़त के साथ 18,000 अंक के स्तर पर पहुंच गया था, जो पिछले छह महीने में सर्वाधिक था। पिछले दो सत्रों में करीब 100 अंक चढ़ने वाला सेन्सेक्स शुरुआती कारोबार में ही 18,057.33 अंक पर कारोबार कर रहा था। वाहन-निर्माता और रियल्टी कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी थी। इसी के अनुरूप निफ्टी भी कारोबार की शुरुआत में ही 60.25 अंक की बढ़त के साथ 5,476.30 अंक पर पहुंच गया था।
ब्रोकरों तथा विशेषज्ञों के अनुसार कंपनियों के उत्साहजनक तिमाही नतीजों, यूनान के ऋण संकट के हल होने की उम्मीद में एशियाई बाजारों में मजबूती के रुख से यहां कारोबारी धारणा मजबूत हुई।