मुंबई: देश के शेयर बाजार में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन अच्छी शुरुआत नहीं हुई. दोनों ही सूचकांक गिरकर कारोबार कर रहे हैं. सेंसेक्स 320 अंक और निफ्टी 93 अंक नीचे कारोबार कर रहा है. सेंसेक्स 60998 और निफ्टी 17941 अंक पर कारोबार कर रहा है. निफ्टी ने आज 17974 पर और सेंसेक्स ने 60987 पर कारोबार की शुरूआत की है. सुबह के कारोबार में सेंसेक्स में अल्ट्रा सीमेंट, हिंदुस्तान लीवर, भारती एयरटेल, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स, मारुति, पावरग्रिड, टाटा मोटर्स आज तेजी में कारोबार कर रहे हैं जबकि रिलायंस, एक्सिस बैंक, एल एंड टी , टाइटन, आईटीसी, सनफार्मा आदि लाल में कारोबार कर रहे हैं.
गौरतलब है कि अडाणी ग्रुप के सारे शेयर केवल अडाणी ट्रांसमिशन को छोड़कर हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं.
बता दें कि गुरुवार को कारोबार के अंतिम समय में उतार-चढ़ाव से घरेलू शेयर बाजार में हल्की बढ़त रही और बीएसई सेंसेक्स 44 अंक के लाभ के साथ बंद हुआ था. बढ़ती मुद्रास्फीति के साथ मौद्रिक नीति को और सख्त किये जाने की आशंका में बाजार में चिंता रही थी. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 44.42 अंक यानी 0.07 प्रतिशत के लाभ के साथ 61,319.51 अंक पर बंद हुआ था. कारोबार के दौरान एक समय यह 407.16 अंक तक उछल गया था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 20 अंक यानी 0.11 प्रतिशत बढ़कर 18,035.85 अंक पर बंद हुआ था.
सेंसक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा सबसे ज्यादा 5.58 प्रतिशत के लाभ में रहा था. इसके अलावा नेस्ले इंडिया, टाटा स्टील, एनटीपीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एशियन पेंट्स, विप्रो और बजाज फिनसर्व भी लाभ में रहे थे.
दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एक्सिस बैंक और बजाज फाइनेंस शामिल थे.
गौरतलब है कि गुरुवार को ही सरकार ने डीजल और एटीएफ के निर्यात पर अप्रत्याशित लाभ कर में कटौती की. इसके साथ ही घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर भी उपकर को कम कर दिया गया है. घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर उपकर को 5,050 रुपये प्रति टन से घटाकर 4,350 रुपये प्रति टन कर दिया गया है. डीजल के निर्यात पर अप्रत्याशित लाभ कर को भी 7.5 रुपये से घटाकर 2.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया है. इसी तरह विमान ईंधन एटीएफ के निर्यात पर कर को छह रुपये प्रति लीटर से घटाकर 1.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया है. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक शुद्ध लिवाल रहे. उन्होंने बृहस्पतिवार को 1,570.62 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे.