शेयर बाजार ने लगाया गोता, बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों ने रुलाया.
मुंबई: Stock Market Updates : HDFC बैंक के नेट प्रॉफिट के रिजल्ट उम्मीद से कम आने पर घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में भारी गिरावट देखी गई है. आज हालत ऐसी रही कि दोनों ही बेंचमार्क इंडेक्स बड़ा गोता खाकर काफी नीचे आ गए. आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 734 अंकों की गिरावट आई और इंडेक्स ने 52,405.89 के इंट्राडे लो को छू लिया. वहीं, निफ्टी 15,707.50 के सबसे निचले स्तर पर चला गया.
क्लोजिंग में सेंसेक्स में 587 अंकों यानी 1.10 फीसदी की गिरावट आई और इंडेक्स 52,553 के लेवल पर बंद हुआ, वहीं, निफ्टी 171 अंक यानी 1.07 फीसदी गिरकर 15,752 के लेवल पर बंद हुआ.
ओपनिंग में सेंसेक्स 503.57 अंक या 0.95% गिर गया था और इंडेक्स 52636.49 पर पहुंच गया था. वहीं, इस दौरान निफ्टी में 141.20 अंक या 0.89% गिरकर 15782.20 पर पहुंच गया.
सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में ट्रेड कर रहे थे. सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की गिरावट एचडीएफसी बैंक में हुई. इसके अलावा एचडीएफसी, इंडसइंड बैंक, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक भी लाल निशान में थे. दूसरी ओर एनटीपीसी, भारती एयरटेल, टाइटन, पावरग्रिड और रिलायंस इंडस्ट्रीज में मुनाफे के साथ कारोबार हो रहा था.
एशियाई शेयरों में आज काफी गिरावट देखी गई. इंफ्लेशन के डर और बढ़ते कोरोनावायरस मामलों से बाजार में डर का माहौल है.