यह ख़बर 29 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बीते सप्ताह सेंसेक्स में 6 फीसदी का उछाल

खास बातें

  • घरेलू और वैश्विक स्तर पर सकारात्मक संकेतों के कारण इस सप्ताह देश के शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों में छह फीसदी से अधिक का उछाल दर्ज किया गया।
मुम्बई:

घरेलू और वैश्विक स्तर पर सकारात्मक संकेतों के कारण इस सप्ताह देश के शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों में छह फीसदी से अधिक का उछाल दर्ज किया गया। घरेलू स्तर पर जहां भारतीय रिजर्व बैंक ने मुख्य दरों में वृद्धि का दौर रोकने का संकेत दिया है, वहीं यूरोपीय कर्ज संकट सुलझने की भी उम्मीद मजबूत हुई है। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 6.07 फीसदी या 1,019.16 अंक ऊपर चढ़ा। दो महीनों के दौरान सेंसेक्स में यह सबसे बड़ी साप्ताहिक उछाल है। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 2.98 फीसदी बढ़कर 17,804.8 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी भी इस अवधि में छह फीसदी ऊपर उठा। अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को निफ्टी 3.05 फीसदी बढ़कर 5,360.7 पर बंद हुआ। मौद्रिक नीति में सख्ती का दौर समाप्त होने की सम्भावनाओं ने इस सप्ताह शेयर बाजार में निवेशकों को मनोबल बढ़ाया। रिजर्व बैंक ने दूसरी तिमाही की मौद्रिक नीति समीक्षा में कहा था कि यदि दिसम्बर से महंगाई नीचे आने लगेगी तो वह दरों में और वृद्धि नहीं करेगा। ज्ञात हो कि भारतीय रिजर्व बैंक महंगाई रोकने के लिए 2010 के शुरू से अबतक मुख्य दरों में 13 बार वृद्धि कर चुका है। आक्रामक मौद्रिक नीति ने कर्ज को महंगा बना दिया है, जिसके कारण औद्योगिक वृद्धि और कम्पनियों की आय व लाभ पर प्रतिकूल असर हुआ है। ब्याज दर संवेदी रियल्टी और बैंकिंग सेक्टरों में सप्ताह के अंतिम दिन अधिक उछाल दर्ज किया गया। बीएसई के रियल्टी सूचकांक में 5.34 फीसदी और बैंकिंग सूचकांक में 3.73 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया। देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक आईसीआईसीआई बैंक के शेयर शुक्रवार को सात फीसदी से अधिक उछाल के साथ 932.95 रुपये पर पहुंच गए। सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक के शेयर 2.15 फीसदी वृद्धि के साथ 1,907 रुपये रुपये पर बंद हुए। शुक्रवार को सेंसेक्स में लाभ कमाने वाले अन्य शेयरों में प्रमुख रहे हिंडाल्को (10.88 फीसदी), स्टरलाइट इंडस्ट्रीज (8.8 फीसदी), आईसीआईसीआई बैंक (7.01 फीसदी) और टाटा स्टील (6.45 फीसदी)। सेंसेक्स में केवल तीन शेयरों मारुति सुजकी (1.99 फीसदी), भारती एयरटेल (0.25 फीसदी) और बजाज ऑटो (0.11 फीसदी) में गिरावट दर्ज की गई। भारतीय शेयर बाजारों में शुक्रवार की तेजी से पहले दो दिनों का अवकाश रहा। बाजार दिवाली के कारण बुधवार और गुरुवार को बंद रहा, हालांकि बुधवार को शेयर बाजार शाम में एक घंटे मुहूर्त सत्र के लिए खुला। यूरोपीय नेताओं के बीच कर्ज संकट सुलझाने को लेकर सहमति बन जाने के बाद इस सप्ताह दुनिया भर के शेयर बाजारों में तेजी देखी गई। जापान का निक्के ई शुक्रवार को 1.39 फीसदी उछाल के साथ 9,050.47 पर बंद हुआ, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग 1.68 फीसदी की बढ़त के साथ 20,019.24 पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक 1.55 फीसदी की बढ़त के साथ 2,473.41 पर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों ने तेजी के साथ सप्ताह की शुरुआत की, लेकिन शुक्रवार को यूरोपीय बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रिटेन का फुट्सी100  0.20 फीसदी गिरावट के साथ 5,702.24 पर बंद हुआ, जबकि फ्रांस का सीएसी40 0.59 फीसदी गिरावट के साथ 3,348.63 बिंदु पर बंद हुआ। जर्मनी का डीएएक्स हालांकि सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को 0.13 फीसदी तेजी के साथ 6,346.19 पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com