मुंबई: सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को मंजूरी से शेयर बाजारों में भी रौनक दिखाई दी। शेयर बाजारों में आज तेजी पर कारोबार बंद हुुआ। सेंसेक्स 216 अंक उछलकर 26,740 पर सिमटा जबकि निफ्टी 76 अंकों की तेजी के साथ 8,204 पर बंद हुआ। ऑटो और कंज्यूमर ड्यूरेबल कंपनियों के स्टॉक्स में आज खूब लिवाली देखी गई।
भारतीय शेयरों में बुधवार को 0.6 फीसदी की तेजी देखी गई, इसमें भी ऑटो और रीटेल सेक्टर के शेयरों में अच्छी बढ़त देखी जा रही है। दरअसल शेयर बाजारों में यह तेजी वेतन आयोग की सिफारिशों को कैबिनेट से मंजूरी के बाद देखी जा रही है। सिफारिशों को मंजूरी के बाद अब सरकारी कर्मियों की सैलरी में इजाफा होगा।
आज दोपहर 2:42 मिनट पर, सेंसेक्स 204 अंक यानी 0.77 फीसदी तेजी पर 26,729 के स्तर पर कारोबार कर रहा था जबकि निफ्टी 8,197 के स्तर पर कारोबार करता देखा गया। निफ्टी में 69 अंक यानी 0.85 फीसदी की तेजी देखी गई।
आज सुबह बंबई शेयर बाजार का सूचकांक वैश्विक रुख में तेजी के बीच प्रतिभागियों की ओर से लिवाली बढ़ने के मद्देनजर 149 अंक चढ़ा। इसके अलावा कल जून माह के डेरिवेटिव अनुबंध की समाप्ति के मद्देनजर कारोबारियों की ओर से शार्ट-कवरिंग उभरने से भी तेजी के रुझान को मदद मिली। लगातार तीसरे सत्र में तेजी बरकरार रखते हुए बंबई शेयर बाजार का सूचकांक आज 149.33 अंक या 0.56 प्रतिशत चढ़कर 26,673.88 पर पहुंच गया।
सूचकांक में पिछले दो सत्रों में 126.84 अंकों की तेजी दर्ज हुई थी। एनएसई निफ्टी भी 48.70 अंक या 0.59 प्रतिशत चढ़कर 8,176.55 पर पहुंच गया। कारोबारियों ने कहा कि हाल में भारी गिरावट के शेयर बाजार में आई लिवाली और शॉर्ट-कवरिंग से रुझान सकारात्मक हुआ।