मुंबई:
देश के शेयर बाजारों में बुधवार को गिरावट दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 255.69 अंकों की गिरावट के साथ 20,635.13 पर और निफ्टी 80.45 अंकों की गिरावट के साथ 6,122.90 पर बंद हुआ।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 33.81 अंकों की गिरावट के साथ 20,857.01 पर खुला और 255.69 अंकों या 1.22 फीसदी की गिरावट के साथ 20,635.13 पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार में सेंसेक्स ने 20,895.30 के ऊपरी और 20,579.94 के निचले स्तर को छुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 16.50 अंकों की गिरावट के साथ 6,186.85 पर खुला और 80.45 अंकों या 1.30 फीसदी की गिरावट के साथ 6,122.90 पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार में निफ्टी ने 6,204.35 के ऊपरी और 6,106.95 के निचले स्तर को छुआ।
बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में मिला जुला रुख रहा। मिडकैप सूचकांक 6.25 अंकों की गिरावट के साथ 6,235.71 पर और स्मॉलकैप 13.67 अंकों की तेजी के साथ 6,046.34 पर बंद हुआ। बीएसई के 13 में से सिर्फ एक सेक्टर धातु (0.16 फीसदी) में तेजी दर्ज की गई।
बीएसई के गिरावट वाले सेक्टरों में बैंकिंग (1.76 फीसदी), उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं (1.63 फीसदी), वाहन (1.23 फीसदी), प्रौद्योगिकी (1.21 फीसदी), और पूंजीगत वस्तु (1.17 फीसदी) प्रमुख रहे।