खास बातें
- सेंसेक्स 74.47 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की गिरावट के बाद 16,883.92 अंक पर आ गया। एक समय यह 17,084.07 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
Mumbai: उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स गुरुवार को 74 अंक की गिरावट के साथ 16,884 अंक पर आ गया। हालांकि बाजार की शुरुआत काफी अच्छी रही और यह एक समय तीन सप्ताह में पहली बार 17,000 अंक के स्तर को पार कर गया, पर बाद में यूरोपीय बाजारों के कमजोर रुख तथा निवेशकों की मुनाफावसूली से सेंसेक्स फिसल गया। तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 74.47 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की गिरावट के बाद 16,883.92 अंक पर आ गया। एक समय यह 17,084.07 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। 21 सितंबर के बाद यह सेंसेक्स का शीर्ष स्तर है। कल सेंसेक्स 422 अंक चढ़ा था। इसी के अनुरूप नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 21.55 अंक या 0.42 फीसद घटकर 5,077.85 अंक रह गया। कारोबार के दौरान इसने 5,136.95 अंक के स्तर को भी छुआ। वाहन, पूंजीगत सामान, फार्मा, रिफाइनरी और धातु कंपनियों के शेयरों पर मुनाफावसूली का दबाव था, जबकि बैंकिंग, आईटी और रीयल्टी कंपनियों के शेयर मांग में थे। इस बीच, सरकार द्वारा आज जारी आंकड़ों के अनुसार खाद्य मुद्रास्फीति एक अक्तूबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 9.32 प्रतिशत के उच्च स्तर पर बनी हुई है। ब्रोकरों ने कहा कि इससे यह चिंता पैदा हुई है कि भारतीय रिजर्व बैंक महंगाई पर अंकुश के लिए ब्याज दरों में और बढ़ोतरी कर सकता है ब्रोकरों ने कहा कि शुरुआत में बाजार में तेजी एशिया के मजबूत रुख से आई, पर यूरोपीय बाजार की कमजोरी से यहां भी धारणा प्रभावित हुई। बोनान्जा पोर्टफोलिया की वरिष्ठ शोध विश्लेषक शानू गोयल ने कहा कि थोक मूल्य सूचकांक आधारित मासिक मुद्रास्फीति के आंकड़े कल जारी होंगे जिससे बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।