यह ख़बर 23 जून, 2013 को प्रकाशित हुई थी

एसबीआई इस साल करेगा 10,000 अफसरों, कर्मचारियों की नियुक्ति

खास बातें

  • भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपने परिचालन का विस्तार करने के लिए चालू वित्तवर्ष के दौरान 10,000 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियुक्त करने की योजना बनाई है।
मुंबई:

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपने परिचालन का विस्तार करने के लिए चालू वित्तवर्ष के दौरान 10,000 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियुक्त करने की योजना बनाई है।

एसबीआई के चेयरमैन प्रतीप चौधरी ने बताया, हम इस वर्ष 10,000 लोगों की नियुक्ति करेंगे, जिसमें 1,500 प्रोबेशनरी अधिकारी शामिल होंगे, जिसकी प्रक्रिया अप्रैल में शुरू हो गई। करीब 7,500 कर्मचारी, अधिकारी चालू वित्तवर्ष में सेवानिवृत हो रहे हैं।

उन्होंने कहा, हमने अपनी शाखाओं का उन्नयन किया है। सभी शाखाओं को वातानुकूलित कर दिया गया है। हमने पिछली तिमाही में अपनी शाखाओं में पर्याप्त कर्मचारियों को तैनात किया है और अपनी विभिन्न शाखाओं में 20,000 सहायक ग्रेड के कर्मचारियों की भर्ती की है। एसबीआई की देश में करीब 1,200 शाखाएं खोलने की योजना है तथा चालू वित्तवर्ष में चीन और ब्रिटेन सहित विदेशों में आठ शाखाएं खोलने की योजना है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने पिछले वित्तवर्ष में 63,000 लोगों की नियुक्ति की थी। पिछले वित्तवर्ष में अकेले एसबीआई ने 20,000 लिपिक श्रेणी के कर्मचारियों और 1,200 अधिकारियों की भर्ती की। इसके अलावा बाकी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने 22,000 अधिकारियों और 20,000 लिपिक श्रेणी के कर्मचारियों को भर्ती किया। वर्ष 2010-11 के अंत में सरकारी बैंकों में विभिन्न स्तरों पर 84,489 पद खाली थे। अधिकांश सरकारी बैंकों ने हाल के वर्षों में भर्ती अभियान को शुरू किया है।