SBI Vacancy 2026: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक इंडिया (SBI) ने ग्रेजुएट युवाओं के लिए बड़ी भर्ती का ऐलान किया है. बैंक ने अप्रेंटिस के लिए 7150 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगलवार (19 मई 2026) यानि कि आज से शुरू हो गए हैं, जबकि आवेदन करने की आखिरी तारीख 8 जून 2026 है. ग्रेजुएट उम्मीदवार बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट https://sbi.bank.in/web/careers/current-openings या दूसरे पोर्टल जैसे https://apprenticeshipindia.org, https://nsdcindia.org/apprenticeship http://bfsissc.com पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं.
स्थानीय भाषा की परीक्षा होगी जरूरी
एसबीआई के अनुसार, ऑनलाइन लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को उस राज्य की स्थानीय भाषा की परीक्षा भी देनी होगी, जहां से उन्होंने आवेदन किया है. उम्मीदवार को संबंधित भाषा पढ़ना, लिखना, बोलना और समझना आना चाहिए. अगर कोई उम्मीदवार इस परीक्षा को पास नहीं कर पाटा है, तो उसका चयन नहीं किया जाएगा.
योग्यता, फीस और आयु सीमा
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से किसी भी सब्जेक्ट में ग्रेजुएट होना जरूरी है.
आयु सीमा
- न्यूनतम उम्र - 20 साल
- अधिकतम उम्र - 28 साल
- आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट मिलेगी.
एप्लीकेशन फीस
जनरल, OBC और EWS - 300 रुपये
SC, ST और PwBD - शून्य
ऐसा होगा परीक्षा पैटर्न
एसबीआई अप्रेंटिस भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा कराई जाएगी. परीक्षा में कुल 100 ऑब्जेक्टिव सवाल पूछे जाएंगे और हर एक सवाल 1 नंबर का होगा. परीक्षा में जनरल अवेयरनेस, इंग्लिश, मैथमेटिक्स और रीजनिंग से जुड़े सवाल शामिल होंगे. परीक्षा का समय 1 घंटे होगा और गलत उत्तर पर नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी. उम्मीदवारों के हर गलत जवाब पर एक चौथाई नंबर काटे जाएंगे.
ट्रेनिंग पूरी होने पर नौकरी पक्की!
बैंक ने साफ किया है कि यह अप्रेंटिसशिप केवल ट्रेनिंग प्रोग्राम है. इसका मतलब यह नहीं है कि ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उम्मीदवार को SBI में परमानेंट नौकरी मिल जाएगी. ट्रेनीज को बैंक का रेग्युलर कर्मचारी नहीं माना जाएगा और उन्हें कर्मचारियों को मिलने वाले दूसरे बेनिफिट्स भी नहीं दिए जाएंगे. हालांकि, इस ट्रेनिंग का भविष्य में फायदा जरूर मिलेगा. जो उम्मीदवार सफलतापूर्वक ट्रेनिंग पूरी करेंगे और नेशनल अप्रेंटिस सर्टिफिकेट्स हासिल करेंगे, उन्हें भविष्य में होने वाली SBI जूनियर एसोसिएट यानी क्लर्क भर्ती में खास छूट दी जाएगी.
क्लर्क भर्ती में आयु सीमा
एसबीआई में ट्रेनिंग करने वाले उम्मीदवारों को आगे आने वाली क्लर्क भर्ती में उम्र सीमा में छूट मिलेगी. सामान्य और EWS वर्ग को 1 साल, OBC को 4 साल, SC/ST को 6 साल तक की छूट मिलेगी. वहीं PwBD उम्मीदवारों को ज्यादा से ज्यादा 16 साल तक की छूट दी जा सकती है. इसके अलावा मुख्य परीक्षा में कुल मार्क्स का 2.5 प्रतिशत यानी 200 मार्क्स में से 5 बोनस मार्क्स भी दिए जाएंगे. इससे उम्मीदवारों का फाइनल स्कोर बेहतर हो सकता है.
12वीं पास छात्रों के लिए सेना में अफसर बनने का मौका, JEE Main 2026 के स्कोर पर होंगे शॉर्टलिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं