खास बातें
- सत्यम कंप्यूटर में करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने गवाहों की संख्या घटाकर 220 कर दी है।
हैदराबाद: सत्यम कंप्यूटर में करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने गवाहों की संख्या घटाकर 220 कर दी है, जबकि आरोप पत्र में उसने 690 गवाहों का उल्लेख किया था। जांच प्रक्रिया में तेजी लाने का उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्देश दिए जाने के बाद सीबीआई ने गवाहों की संख्या घटाई है। सीबीआई के डीआईजी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्देश के मुताबिक, आरोप पत्र का समर्थन करने वाले दस्तावेजों की संख्या भी करीब 3,067 से घटाकर एक हजार कर दी गई है। नारायण ने बताया, हमारी ओर से, हम जांच में तेजी लाने की कोशिश कर रहे हैं। हम उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का पालन करने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। अभी तक यहां की अदालत में 212 गवाहों को पेश किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय ने पिछले साल 26 अक्तूबर को इस मामले में आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय निर्णय को पलटते हुए कहा था कि मुख्य आरोपी 31 जुलाई, 2011 तक जमानत के लिए अदालत से संपर्क नहीं कर सकता। उच्च न्यायालय ने घोटाले के मुख्य आरोपी बी. रामलिंग राजू को जमानत दे दी थी।