वेतनभोगी करदाताओं को अब टीडीएस कटौती के बारे में एसएमएस भेजकर दी जाएगी जानकारी

वेतनभोगी करदाताओं को अब टीडीएस कटौती के बारे में एसएमएस भेजकर दी जाएगी जानकारी

प्रतीकात्मक चित्र

खास बातें

  • अरुण जेटली ने टीडीएस के बारे में SMS अलर्ट सेवा की शुरुआत की
  • तिमाही टीडीएस कटौती के बारे में एसएमएस भेजकर जानकारी दी जाएगी
  • सीबीडीटी जल्द ही इस सुविधा को मासिक आधार पर भी चलाएगी
नई दिल्ली:

देशभर के करीब ढाई करोड़ वेतनभोगी करदाताओं को उनकी तिमाही टीडीएस कटौती के बारे में आयकर विभाग से एसएमएस भेजकर जानकारी दी जाएगी. वित्त मंत्री अरुण जेटली ने वेतनभोगी तबके के लिए उनकी स्रोत पर कर कटौती यानी टीडीएस के बारे में एसएमएस अलर्ट सेवा की सोमवार को शुरुआत की. केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) जल्द ही इस सुविधा को मासिक आधार पर भी चलाएगी.

जेटली ने संवाददाताओं को इस सुविधा के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वेतनभोगी तबका अपनी आय पर दो बार
टैक्स नहीं दे सकता है और न ही वह टैक्स भुगतान को लेकर विवाद में पड़ना चाहता है, इसलिए उन्हें उनकी टीडीएस कटौती के बारे में लगातार अपडेट रखने की जरूरत है.

जेटली ने कहा, 'इससे करदाताओं को फायदा होगा, उन्हें प्रौद्योगिकी के इस तरह इस्तेमाल से सूचना उपलब्ध होगी और वह अपनी वेतन पर्ची के साथ एसएमएस पर मिली जानकारी का मिलान कर सकेंगे. साल के आखिर में वह किसी भी संभावित कर देनदारी के बारे में अवगत होंगे.' जेटली ने सीबीडीटी से कहा कि टीडीएस जानकारी के मेल नहीं खाने से संबंधित शिकायतों के निपटारे की प्रणाली को ऑनलाइन करें, ताकि करदाता को कर विभाग के चक्कर नहीं काटने पड़ें.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com