खास बातें
- पेट्रोलियम रिफाइनरी से लेकर खुदरा कारोबार करने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी ने सबसे अमीर भारतीय होने की पहचान बरकरार रखी है।
New Delhi: पेट्रोलियम रिफाइनरी से लेकर खुदरा कारोबार करने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी ने सबसे अमीर भारतीय होने की अपनी पहचान बरकरार रखी है। 'फोर्ब्स' की भारतीय अमीरों की सालाना सूची के अनुसार, बड़े अंबानी की कुल परिसंपत्तियां 22.6 अरब डॉलर की हैं। खास बात यह है कि पिछले एक साल में मुकेश की परिसंपत्तियों में 4.4 अरब डॉलर की गिरावट आई है, उसके बावजूद वह शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। विश्व के अमीर भारतीयों की सूची में मुकेश के बाद इस्पात क्षेत्र के अग्रणी उद्यमी आर्सेलरमित्तल के लक्ष्मी निवास मित्तल दूसरे नंबर पर रहे, जबकि आईटी कंपनी विप्रो के अजीम प्रेमजी तीसरे पायदान पर रहे। मित्तल की कुल परिसंपत्तियां 19.2 अरब डॉलर की हैं, जबकि प्रेमजी की परिसंपत्तियां 13 अरब डॉलर आंकी गई हैं। पिछले एक साल में देश के सौ सबसे अमीरों की कुल परिसंपत्तियों में 20 प्रतिशत या 241 अरब डॉलर की गिरावट आई है। महंगाई, भ्रष्टाचार के मामलों, शेयरों में गिरावट तथा मुद्रा के मूल्य में कमी से उनकी कुल परिसंपत्तियां घटी हैं। भारतीय अरबपतियों की सूची में इस साल कुल 57 नाम हैं, जो पिछले साल से एक दर्जन कम हैं। 'फोर्ब्स' ने कहा है कि मुकेश के छोटे भाई अनिल अंबानी की परिसंपत्तियों में मूल्य के हिसाब से सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। वहीं प्रतिशत के हिसाब से लैंको इन्फ्राटेक के मधुसूदन रॉ की परिसंत्तियों में सबसे ज्यादा 78 फीसदी की कमी आई है।