आरबीआई ने कहा- देश के एक-तिहाई एटीएम बेकार, बैंकों को दी कार्रवाई की चेतावनी

आरबीआई ने कहा- देश के एक-तिहाई एटीएम बेकार, बैंकों को दी कार्रवाई की चेतावनी

प्रतीकात्मक चित्र

मुंबई:

रिजर्व बैंक ने इस पर चिंता जताई है कि एक-तिहाई से ज्यादा एटीएम काम नहीं करते हैं। केंद्रीय बैंक ने कहा है कि नियमों का पालन नहीं किया गया तो बैंकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर एसएस मूंदड़ा ने रिजर्व बैंक की एक टीम द्वारा हाल में 4,000 एटीएम के सर्वे का हवाला देते हुए यह बात कही। टीम ने पाया कि एक-तिहाई एटीएम काम करने की स्थिति में नहीं थे। विभिन्न बैंकों के ये एटीएम देश के विभिन्न हिस्सों में पाए गए।

मुंद्रा ने मुंबई में सोमवार को एक बैंकिंग कार्यक्रम में कहा, 'सर्वेक्षण के परिणाम संतोषजनक नहीं थे। एक-तिहाई एटीएम सर्वे के समय काम करने की स्थिति में नहीं पाए गए।' रिजर्व बैंक की टीम द्वारा किए गए सर्वेक्षण में और भी कई खामियां पाई गईं। इनमें प्रदर्शित की जाने वाली सामग्री, दिव्यांगों के लिए सुविधाएं तथा ऐसे ही कई अन्य नियामकीय निर्देशों का भी उल्लंघन पाया गया।

डिप्टी गवर्नर ने कहा कि जो भी खामियां पाई गईं, हम उनके बारे में जरूरी निरीक्षण कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और रिजर्व बैंक ने वित्तीय समावेष को अपने शीर्ष कार्य एजेंडे में शामिल किया है और इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए एटीएम एक अहम हिस्सा है। इसके बावजूद यह पाया गया है कि बैंक इस मामले में नियामक द्वारा सुझाए गए अनुपालन स्तर को बरकरार नहीं रख रहे हैं।

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार इस साल फरवरी में सार्वजनिक क्षेत्र और उनके नेतृत्व वाले 56 वाणिज्यिक बैंकों के कुल मिलाकर 1,00,671 शाखा के साथ और 96,656 शाखा से अलग नकदी उपलब्ध कराने वाली मशीनें थी।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com