खास बातें
- प्रणब मुखर्जी ने कंपनियों से कहा है कि सरकार ने बजट में उत्पाद शुल्क में वृद्धि नहीं की है,ऐसे में उनसे उम्मीद की जाती है कि वे अपना निवेश बढ़ाएं।
Mumbai: वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने कंपनियों से कहा है कि सरकार ने बजट में उत्पाद शुल्क में वृद्धि नहीं की है,ऐसे में उनसे उम्मीद की जाती है कि वे अपना निवेश बढ़ाएं। उन्होंने भारतीय कॉरपोरेट जगत से सरकार के आर्थिक वृद्धि और सुधार एजेंडा में भी सहयोग मांगते हुए कहा कि उनकी उम्मीदों को पूरा करने के लिए समर्थन की जरूरत है। उद्योग मंडल एसोचैम द्वारा आयोजित बजट बाद के सम्मेलन में मुखर्जी ने कहा, मुझे आपकी उम्मीदें पूरी करनी हैं जिससे आप उंची उत्पादकता और वृद्धि हासिल कर सकें, उसी तरह आपको भी मेरे हाथ मजबूत करने की प्रक्रिया के तहत मेरी उम्मीदें पूरी करनी हैं।मुखर्जी ने कहा कि सुधार एक झटके में नहीं किए जा सकते, यह सतत प्रक्रिया है। मैं तब कुछ अधिक कर सकूंगा, जब मेरे पास इसके लिए जगह होगी। आपको भी मेरे लिए वह जगह बनानी होगी। बजट प्रस्तावों की चर्चा करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्रीय उत्पाद शुल्क को नवंबर, 2008 के स्तर पर ले जाने का विकल्प था, पर मैंने दो कारणों से ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा, मैं चाहता हूं कि कारोबारी मार्जिन में इजाफे को निवेश में बदला जाए तथा साथ ही मैं वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी)के लिए भी रास्ता बनाना चाहता हूं।