खास बातें
- पिछले माह की 24 तारीख को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान खाद्यान्न महंगाई की दर बढ़कर 9.41 फीसदी हो गई।
नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने खाद्यान्न महंगाई दर बढ़ने पर चिंता व्यक्त की है। पिछले माह की 24 तारीख को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान खाद्यान्न महंगाई की दर बढ़कर 9.41 फीसदी हो गई जबकि इससे पिछले सप्ताह में यह दर 9.13 फीसदी थी। दूध, सब्जी, फल और प्रोटीन युक्त उत्पादों की कीमतों में तेजी के कारण दर में वृद्धि हुई है। केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि खाद्य एवं आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि चिंता का विषय है और सरकार कीमतों में कमी लाने के लिए लगातार रिजर्व बैंक के सम्पर्क में है। मुखर्जी ने पत्रकारों से कहा, "मुद्रास्फीति निश्चित तौर पर चिंता का विषय है। इसे कैसे कम किया जाए इसके लिए हमें प्रयास करने ही होंगे। मैं इसके लिए रिजर्व बैंक एवं अन्य विशेषज्ञों से लगातार सम्पर्क में हूं।" पिछले तीन हफ्ते के दौरान खाद्यान्न महंगाई दर में लगातार वृद्धि हो रही है। पिछले माह 10 सितम्बर को यह दर 8.84 फीसदी थी। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार एक साल पूर्व की समान अवधि की तुलना में समीक्षाधीन अवधि में दालों की कीमतों में 7.54 फीसदी, फलों की कीमतों में 11.72 फीसदी और दूध की कीमतों में 10.35 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। समीक्षाधीन सप्ताह में प्राथमिक वस्तुओं के सूचकांक में 10.84 फीसदी की वृद्धि हुई। थोक मूल्य सूचकांक में प्राथमिक वस्तुओं की भागीदारी 20.12 फीसदी है। जबकि पिछले सप्ताह में यह वृद्धि 11.43 फीसदी थी। पिछले वर्ष की तुलना में निम्न खाद्य उत्पादों की कीमतों में कमी या वृद्धि हुई: प्याज: 10.58 फीसदी सब्जियां: 14.88 फीसदी फल: 11.72 फीसदी आलू: 9.34 फीसदी अंडा, मांस एवं मछली: 10.33 फीसदी चावल: 4.13 फीसदी गेहूं: (-) 1.01 फीसदी दाल: 7.54 फीसदी