यह ख़बर 14 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

पायलटों का बिना वेतन काम से इनकार, 44 उड़ानें रद्द

खास बातें

  • एयर इंडिया की कम से कम 44 उड़ानें रद्द कर दी गईं जिनमें कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी हैं।
नई दिल्ली:

एयर इंडिया की कम से कम 44 उड़ानें रद्द कर दी गईं जिनमें कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी हैं। दरअसल एयर इंडिया के 50 पायलट आज काम पर तो आए लेकिन उन्होंने वेतन-भत्तों के भुगतान में देरी के कारण विमान उड़ाने से इनकार कर दिया।

उधर, सरकार ने कहा कि समस्या का हल अगले सप्ताह ही हो सकेगा। अगले सप्ताह के अंत तक ज्यादातर वेतन भत्तों का भुगतान कर दिया जाएगा।

शाम पांच बजे तक दिल्ली से 36 उड़ानें रद्द कर दी गई थी जबकि आठ उड़ानें मुंबई से रद्द हुईं। इस बीच, इंडियन कमर्शियल पायलट एसोसियेशन के पदाधिकारियों की एयरलाइन प्रबंधन के साथ एक बैठक हुई।

एयरलाइन सूत्रों ने बताया कि आंदोलनकारी पायलटों ने ड्यूटी के लिए रिपोर्ट तो किया लेकिन कहा कि वित्तीय समस्याओं के चलते वे तनाव में हैं और इसलिए विमान उड़ाने का काम नहीं कर सकते हैं।

पायलटों की यूनियन ‘इंडियन कामर्शियल पायलट एसोसिएशन’ ने आंदोलनकारी पायलटों से काम पर लौटने की अपील की। यूनियन की तरफ से आंदोलन के बारे में कोई घोषणा नहीं की गई थी।

पायलटों के अचानक काम बंद कर देने की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उस समय भ्रम की स्थिति पैदा हो गई जब बड़ी संख्या में यात्री एयरइंडिया काउंटरों पर अपनी उड़ानों की स्थिति जानने के लिए लंबी कतार में खड़े दिखाई दिए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कई उड़ानें देरी से चल रही थी तो कुछ उड़ानों को दूसरे रूट के साथ जोड़ दिया गया। हालांकि, लंदन, न्यूयार्क, टोरंटो, टोकियो और शिकागो जैसे लंबी दूरी वाली उड़ानें तो समय से चली लेकिन काबुल, काठमांडू, मस्कट और आबू धाबी के लिए जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गईं।