यह ख़बर 04 नवंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पेट्रोल के बढ़े दाम वापस लेगी सरकार!

खास बातें

  • सहयोगी दलों के कड़े तेवर के बाद सरकार ने संकेत दिया है कि वह पेट्रोल के दाम में 1.82 रुपये प्रति लिटर की गई बढ़ोतरी को वापस ले सकती है।
New Delhi:

सहयोगी दलों के कड़े तेवर और चेतावनी के बाद सरकार ने संकेत दिया है कि वह पेट्रोल के दाम में 1.82 रुपये प्रति लिटर की गई बढ़ोतरी को वापस ले सकती है। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा है कि सरकार इस मामले पर विचार करेगी। गौरतलब है कि गुरुवार मध्यरात्रि से पेट्रोल के दाम 1.82 रुपये बढ़ गए, जिसके बाद केंद्र की यूपीए सरकार की सहयोगी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने समर्थन वापस लेने के संकेत तक दे दिए हैं। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़े तेवर अख्तियार करते हुए कहा कि हमसे बिना पूछे पेट्रोल के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। हमने बहुत सहन किया अब और नहीं। उन्होंने कहा कि अगर पेट्रोल के बढ़े दाम वापस नहीं लिए गए तो वह सरकार से समर्थन वापस लेने के बारे में फैसला ले लेंगी। वहीं एक अन्य सहयोगी दल शरद पवार की एनसीपी ने भी कहा कि उनकी पार्टी को इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी।उधर, बीजेपी का कहना है कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें घट रही हैं, तो देश में पेट्रोल के दाम बढ़ाने का क्या तुक है। बीजेपी का कहना है कि ये सरकार संवेदनहीन हो गई है, जिसने पिछले साढ़े सात साल में चौबीस बार तेल के दाम बढ़ाए हैं। बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा ने कहा कि पेट्रोल की कीमतें बढ़ाने का फैसला मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी की मंजूरी के बगैर नहीं हुआ होगा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com