खास बातें
- एनटीपीसी ने चौथी तिमाही के दौरान 2,505.42 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दिखाया है, जो पिछले साल के मुकाबले 24.17 फीसदी अधिक है।
New Delhi: सरकारी क्षेत्र की बिजली उत्पादक एनटीपीसी ने जनवरी-मार्च 2011 को समाप्त चौथी तिमाही के दौरान 2,505.42 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दिखाया है, जो पिछले साल की इसी तिमाही से 24.17 फीसदी अधिक है। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी को 2,017.66 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। कंपनी के जारी बिना ऑडिट किए हुए तिमाही वित्तीय परिणाम के मुताबिक आलोच्य अवधि में कपंनी की बिक्री 14,488 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो पिछले साल की इसी तिमाही से 17.74 फीसदी अधिक है। मार्च माह में समाप्त वित्तवर्ष 2010-11 के दौरान कंपनी को 8,926.16 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ, जबकि पिछले साल की समान अवधि के दौरान कंपनी को 8,728.2 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। इसी प्रकार, पूरे वित्तवर्ष के दौरान कंपनी की कुल बिक्री बढ़कर 53,721 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो पिछले साल से 16.36 फीसदी अधिक है। पिछले साल कंपनी की कुल बिक्री 46,169 करोड़ रुपये की हुई थी।