यह ख़बर 28 फ़रवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

अब देश में होंगे महिलाओं के लिए बैंक

खास बातें

  • भारत में जल्द ही पूरी तरह महिलाओं को समर्पित पहला सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक खोला जाएगा और जगह-जगह इसकी शाखाएं होंगी। केंद्रीय वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने गुरुवार को लोकसभा में आम बजट पेश करते हुए यह घोषणा की।
नई दिल्ली:

भारत में जल्द ही पूरी तरह महिलाओं को समर्पित पहला सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक खोला जाएगा और जगह-जगह इसकी शाखाएं होंगी। केंद्रीय वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने गुरुवार को लोकसभा में आम बजट पेश करते हुए यह घोषणा की।

बजट पेश करते हुए चिदंबरम ने कहा, "क्या हम ऐसे बैंक की व्यवस्था कर सकते हैं जो पूरी तरह महिलाओं को समर्पित हो तथा महिला व्यापारियों के हित के लिए काम करने वाला हो, ऐसा बैंक जो महिला स्वयं सहायता समूहों एवं सभी महिलाओं के जीवन स्तर के विकास में सहायक हो तथा महिला सशक्तीकरण एवं महिला आर्थिक सशक्तीकरण का प्रतिनिधित्व करने वाला हो।"

चिदंबरम ने आगे कहा, "इसलिए मैं देश में महिलाओं को समर्पित सार्वजनिक क्षेत्र का पहला बैंक 1,000 करोड़ रुपये के शुरुआती कोष से स्थापित करने की घोषणा करता हूं।" सांसदों ने केंद्रीय वित्त मंत्री की इस घोषणा का स्वागत किया।

वित्त मंत्री ने आशा जताई कि अक्टूबर 2013 तक इसके लिए जरूरी बैंक लाइसेंस तथा अन्य स्वीकृतियां मिल जाएंगी। चिदंबरम ने लोकसभा में उपस्थित सभी सदस्यों को इस बैंक के उद्घाटन समारोह के लिए आमंत्रित भी किया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

आज की तारीख में महिलाएं कई बैंकों के शीर्ष पद पर विराजमान हैं जिसमें दो सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक भी शामिल हैं, लेकिन अभी तक ऐसा कोई बैंक नहीं है जो सिर्फ महिलाओं के लिए समर्पित हो।