यह ख़बर 23 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

एटीएम में नकदी वापस जाने की सुविधा अब नहीं, ग्राहक रहें सावधान

खास बातें

  • अगली बार जब आप अपने एटीएम पर नकदी लेने जाएं तो सावधान रहें। एटीएम में नकदी बाहर आने पर वापस नहीं जाएगी। ऐसे में उपभोक्ता बाद में बैंक से इसका दावा नहीं कर सकेंगे।
नई दिल्ली:

अगली बार जब आप अपने एटीएम पर नकदी लेने जाएं तो सावधान रहें। एटीएम में नकदी बाहर आने पर वापस नहीं जाएगी। ऐसे में उपभोक्ता बाद में बैंक से इसका दावा नहीं कर सकेंगे।

इससे पहले, एटीएम में राशि बाहर आने के बाद यदि ग्राहक उसे जल्द उठाता नहीं तो वह वापस एटीएम में चली जाती थी, जिससे ग्राहकों को अपनी नकदी लेने के लिए बैंकों के चक्कर लगाने पड़ते थे और काफी परेशानी होती थी।

रिजर्व बैंक ने सभी बैंकों से उनके एटीएम में इस प्रकार की सुविधा को बंद करने को कहा है। यानी अब एटीएम में नकदी बाहर आने के बाद वापस अंदर नहीं जाएगी और ग्राहक को उसे उठाना ही होगा।

एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और केनरा बैंक सहित ज्यादातर बैंकों ने रिजर्व बैंक के इस आदेश में पर अमल कर लिया है। इन बैंकों के एटीएम में नकदी बाहर आने के बाद वापस मशीन में नहीं लौटेगी। दूसरे बैंक भी रिजर्व बैंक के ताजा आदेश को अमल में लाने में लगे हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

रिजर्व बैंक के आदेश पर अमल करते हुए बैंक अपने ग्राहकों को इसकी जानकारी दे रहे हैं। एटीएम मशीन में पहले यदि आपने 10 से 15 सेकंड के भीतर नकदी को नहीं उठाया तो वह वापस मशीन में चली जाती थी, अब ऐसा नहीं होगा और इस सुविधा को समाप्त किए जाने के बारे में बैंक अपने ग्राहकों को सूचित कर रहे हैं। इसलिए ग्राहकों को एटीएम से नकदी निकालते समय सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि बाद में वह बैंक के समक्ष इस तरह का दावा नहीं कर सकते कि उन्हें नकदी प्राप्त नहीं हुई।