खास बातें
- साथ ही कंपनी ने अपने मानेसर कारखाने में हड़ताल तथा हिंसा के आरोप में 10 अन्य कर्मचारियों को निलंबित भी किया है।
नई दिल्ली: देश की प्रमुख कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने अपने 10 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया तथा पांच प्रशिक्षुओं की सेवाएं समाप्त कर दीं। साथ ही कंपनी ने अपने मानेसर कारखाने में हड़ताल तथा हिंसा के आरोप में 10 अन्य कर्मचारियों को निलंबित भी किया है। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि एक अक्टूबर को हरियाणा सरकार के अधिकारियों की मौजूदगी में कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच समझौते पर दस्तखत के बाद कर्मचारियों की हड़ताल और हिंसा इसका उल्लंघन है, जिसके मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है। बयान में कहा गया है, कंपनी ने 10 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है, 10 अन्य को निलंबित किया गया है। साथ ही पांच प्रशिक्षुओं की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। मारुति ने कहा है कि वह अपने लोगों, कारखाने तथा मशीनरी की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। कंपनी ने 100 कर्मचारियों को हड़ताली कर्मचारियों द्वारा परेशान किए जाने से बचाया है। कंपनी ने कहा है कि इनमें से कई कर्मचारियों को हड़ताली कर्मियों ने पीटा भी था।