यह ख़बर 28 फ़रवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

बजट से निराश बाजार हुआ धराशायी, सेंसेक्स 291 अंक टूटा

खास बातें

  • आम बजट 2013 से उम्मीद लगाए बैठे शेयर बाजार को वित्तमंत्री पी चिदंबरम के भाषण से निराशा हाथ लगी, जिसके चलते बंबई स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स करीब 291 अंक लुढ़क गया।
मुंबई:

वित्तमंत्री पी चिदंबरम के आम बजट ने शेयर बाजार को निराश कर दिया जिससे बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 291 अंक का गोता खाकर 19,000 अंक से नीचे बंद हुआ।

एफआईआई मुद्दा और एक करोड़ रुपये से अधिक आय वाले उद्यमियों पर अधिभार लगाने के प्रस्ताव ने धारणा कमजोर की।

शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज करने वाला सेंसेक्स 290.87 अंक की गिरावट के साथ 18,861.54 अंक पर बंद हुआ। 27 नवंबर के बाद सेंसेक्स का यह सबसे निचला स्तर है। इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 103.85 अंक की गिरावट के साथ 5,693.05 अंक पर आ टिका।

भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस के मुख्य निवेश अधिकारी संदीप नंदा ने कहा, ‘एफआईआई कराधान पर नई चिंताओं को देखकर बाजार को निराशा हुई और इससे अनिश्चितता की स्थिति बनने की संभावना है।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

प्रतिभूति लेन-देन कर में कटौती और वैश्विक बाजारों में तेजी के बावजूद कुछ करों में वृद्धि किए जाने से बाजार की धारणा कमजोर हुई। सरकार द्वारा लग्जरी कारों एवं उनके कलपुर्जों पर आयात शुल्क बढ़ाने की घोषणा से वाहन कंपनियों के शेयर बिकवाली दबाव में आ गए।