खास बातें
- देश की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 8 के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 21,660 करोड़ रुपये की गिरावट आई।
मुंबई: देश की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 8 के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 21,660 करोड़ रुपये की गिरावट आई। हालांकि, बाजार रुख के उलट 9 सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज और निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी दर्ज हुई। सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 6,460 करोड़ रुपये बढ़कर 2,70,156 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान कंपनी के शेयरों में दो प्रतिशत की तेजी रही। वहीं एचडीएफसी बैंक को सप्ताह के दौरान 464 करोड़ रुपये का फायदा हुआ और उसका बाजार पूंजीकरण बढ़कर 1,10,350 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके उलट शेष अन्य आठ कंपनियों को सप्ताह के दौरान हानि उठानी पड़ी। सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया का बाजार पूंजीकरण 3,758.24 करोड़ रुपये घटकर 2,40,621.73 करोड़ रुपये रह गया। एफएमसीजी कंपनी आईटीसी को 3,971.63 करोड़ रुपये का घाटा हुआ और उसका बाजार पूंजीकरण 1,53,486.37 करोड़ रुपये रह गया। आईटी कंपनियों टीसीएस और इन्फोसिस को सप्ताह के दौरान कुल 3,662.1 करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ा। टीसीएस का बाजार पूंजीकरण घटकर 1,98,841.73 करोड़ रुपये पर आ गया, वहीं इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण घटकर 1,30,407.76 करोड़ रुपये रह गया। दूरसंचार क्षेत्र की कंपनी भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण भी सप्ताह के दौरान 3,151.94 करोड़ रुपये घटकर 1,52,033.71 करोड़ रुपये पर आ गया। एनटीपीसी का बाजार पूंजीकरण 2,885.91 करोड़ रुपये घटकर 1,34,730.82 करोड़ रुपये रह गया। वहीं भारतीय स्टेट बैंक का बाजार पूंजीकरण घटकर 1,24,134.2 करोड़ रुपये रह गया। सार्वजनिक क्षेत्र की ओएनजीसी को भी सप्ताह के दौरान 1,753.88 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा और बाजार पूंजीकरण 2,24,025.24 करोड़ रुपये रह गया।